ईरान के राष्ट्रपति संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे
ईरान के राष्ट्रपति संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे
संयुक्त राष्ट्र, 23 सितंबर (एपी) ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण देने वाले हैं और यह शायद पहली बार है जब कोई विदेशी नेता अपने मुल्क के साथ युद्धरत देश के मंच से वैश्विक संस्था को संबोधित करेंगे।
कड़ी सुरक्षा के बीच न्यूयॉर्क पहुंचे पेजेश्कियान, जिन्हें ईरान की राजनीति में एक उदारवादी नेता माना जाता है, विश्व भर के नेताओं को संबोधित करेंगे।
एक दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसी मंच से कहा था कि यदि सात महीने से जारी युद्ध को खत्म करने के लिए जल्द ही कोई समझौता नहीं हुआ, तो वह इस्लामी गणराज्य को ‘‘खत्म’’ कर सकते हैं।
कुछ घंटों बाद, ट्रंप ने संवाददाताओं को बताया कि उनके मुख्य दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने वार्षिक बैठक के दौरान ईरानी अधिकारियों के साथ लगभग तीन घंटे तक वार्ता की। लेकिन उन्होंने इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी कि उस दौरान क्या चर्चा हुई।
ट्रंप ने कहा, ‘‘यह बहुत अच्छी बैठक थी।’’ राष्ट्रपति ने बाद में कहा कि ईरानी अधिकारी ‘‘शीर्ष स्तर के नहीं थे…।’’ साथ ही, मंगलवार को विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि न्यूयॉर्क में ठहरने के दौरान ट्रंप, पेजेश्कियान से मिलने के लिए तैयार हैं।
वहीं, तेहरान ने मंगलवार को हुई अनियोजित बैठक को तवज्जो नहीं दी, जो जून में हुए युद्धविराम के टूटने के बाद अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों के बीच पहली अप्रत्यक्ष वार्ता थी।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने अमेरिकी अधिकारियों के साथ बातचीत में, तेहरान के रुख को बरकरार रखते हुए मांग की कि वाशिंगटन ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी समाप्त करे और कुर्क की गई ईरानी परिसंपत्तियों को मुक्त करे।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश

Facebook


