दीर अल-बलाह (गाजा पट्टी), 13 नवंबर (एपी) गाजा पट्टी में अस्पतालों के आसपास चल रहे संघर्ष के कारण हजारों फलस्तीनियों को उत्तरी गाजा में अंतिम बचे कुछ आश्रय स्थलों को छोड़कर जाना पड़ रहा है, जबकि बिजली नहीं होने और अन्य सामान की आपूर्ति कम होने के साथ अस्पतालों में नवजात शिशुओं सहित गंभीर रूप से घायल मरीज और उनके तीमारदार फंसे हुए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इजराइल की सेना ने फलस्तीनियों से कहा है कि वे पैदल-पैदल सुरक्षित मार्गों से दक्षिणी इलाकों से निकल जाएं। हालांकि आम नागरिकों को हमास के चरमपंथियों से उन्हें अलग करने के उसके अभियान की भारी कीमत चुकानी पड़ी है और इलाके की कुल 23 लाख आबादी में से दो तिहाई से अधिक लोग अपने-अपने घर छोड़कर चले गए हैं।
इजराइल के सैनिकों ने सप्ताहांत में गाजा के शिफा अस्पताल को घेर लिया। अधिकारियों के अनुसार इस दौरान हजारों लोग इलाका छोड़कर चले गए, वहीं सैकड़ों रोगी और विस्थापित लोग वहीं फंसे रह गए।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रस अधानम घेब्रेयेसस ने कहा कि शिफा अब अस्पताल के रूप में काम नहीं कर रहा है।
गाजा शहर के एक और अस्पताल अल-कुद्स को भी रविवार को बंद करना पड़ा। इसे संचालित करने वाले फलस्तीनी रेड क्रिसेंट समूह ने कहा कि आसपास इजराइली सैनिक तैनात हैं और करीब 6,000 रोगियों, चिकित्साकर्मियों तथा विस्थापितों को वहां से निकालने के प्रयास किये जा रहे हैं।
एपी वैभव नरेश
नरेश