काठमांडू, 27 अगस्त (एपी) तिब्बत में हिमनद के ढहने से बुधवार को चीन और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र में अचानक भीषण बाढ़ आई जिसमें अब तक 160 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 1,300 से अधिक लोग लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
लापता लोगों में बड़ी संख्या उन विदेशियों की है, जो ट्रैकिंग या पवित्र हिंदू धार्मिक स्थल की तीर्थयात्रा के लिए इस क्षेत्र में पहुंचे थे।
अलग-अलग एजेंसियों के आंकड़ों में लापता लोगों की संख्या अलग हो सकती है। इसकी वजह आंकड़े जुटाने के तरीकों, रिपोर्ट किए जाने के समय और उनके सत्यापन में अंतर के साथ-साथ आंकड़े जुटाने वाले अधिकारियों और प्रभावित क्षेत्रों में बचाव अभियान चला रहे दलों के बीच समन्वय की कमी भी है।
नेपाल: नेपाल पुलिस के अनुसार, कम से कम 165 लोगों की मौत हुई है और 826 लोग लापता हैं। स्थानीय खबरों में राष्ट्रीय आपातकालीन संचालन केंद्र के हवाले से बताया गया कि लापता लोगों में 113 नेपाली पर्यटक, सेना और पुलिस के 85 जवान तथा रसुवा जिले के 161 निवासी और नुवाकोट जिले का एक व्यक्ति शामिल है।
नेपाल पर्यटन बोर्ड ने बृहस्पतिवार को बाद में बताया कि 517 विदेशी नागरिक लापता हैं।
चीन: चीन की सरकारी मीडिया के अनुसार, तिब्बत के ग्यिरोंग काउंटी में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है और 558 लोग लापता हैं। चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार, लापता 558 लोगों में 260 विदेशी नागरिक हैं। इसके अलावा, चीन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि करीब 100 चीनी नागरिक भी लापता हैं।
अमेरिका: नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, लापता लोगों में 65 अमेरिकी नागरिक हैं।
मलेशिया: बोर्ड ने बताया कि 51 मलेशियाई नागरिक लापता हैं।
यूक्रेन: यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि लापता माने जा रहे 53 यूक्रेनी नागरिकों में 46 पर्यटक हैं, जिनसे नेपाली अधिकारियों का संपर्क टूट गया है।
ऑस्ट्रेलिया: नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, 35 ऑस्ट्रेलियाई नागरिक लापता हैं।
ब्रिटेन: 33 नागरिक लापता हैं।
कनाडा: नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, कनाडा के 25 नागरिक लापता हैं।
दक्षिण कोरिया: दक्षिण कोरियाई सरकार के अधिकारियों ने बताया कि नेपाल में जलविद्युत परियोजना में काम कर रहे उसके नौ नागरिक लापता हैं।
सिंगापुर: नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार,सिंगापुर के आठ नागरिक लापता हैं।
जर्मनी: बोर्ड ने बताया कि जर्मनी के आठ पर्यटक लापता हैं।
रूस: आठ रूसी नागरिक लापता हैं।
दक्षिण अफ्रीका: दक्षिण अफ्रीका के छह नागरिक लापता हैं।
लातविया: देश के छह पर्यटक लापता हैं।
जापान: जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने उन पांच जापानी नागरिकों को लेकर चिंता जताई, जिनके लापता होने की खबर स्थानीय मीडिया ने दी है।
न्यूजीलैंड: नेपाल पर्यटन बोर्ड ने बताया कि न्यूजीलैंड के पांच नागरिक लापता हैं।
फ्रांस: फ्रांस के चार नागरिक लापता हैं।
बेल्जियम: बेल्जियम के तीन नागरिक लापता हैं।
स्पेन: स्पेन के तीन पर्यटक लापता हैं।
अन्य देश: नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, इटली, कजाखस्तान, पुर्तगाल, आयरलैंड और नीदरलैंड के दो-दो नागरिक लापता हैं। इसके अलावा बेलारूस, फिनलैंड, हंगरी, इजराइल, लिथुआनिया, फिलीपींस, बुल्गारिया, स्विट्जरलैंड, सर्बिया और स्वीडन का एक-एक नागरिक भी लापता है।
भाषा शोभना पवनेश
पवनेश