पेरू में मतदान का समय बढ़ने से राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों में देरी

Ads

पेरू में मतदान का समय बढ़ने से राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों में देरी

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 02:53 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 02:53 PM IST

लीमा, 14 अप्रैल (एपी) पेरू में रविवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान केंद्रों तक मतपत्र नहीं पहुंच पाने के कारण वोट डालने का समय एक दिन के लिए और बढ़ा दिया गया, जिससे देशवासियों को सोमवार रात तक नतीजों की जानकारी नहीं मिल पाई।

हालांकि, शुरुआती रुझानों के मुताबिक दो दक्षिणपंथी उम्मीदवार आगे हैं।

अब तक हुई 62 प्रतिशत मतों की गिनती के अनुसार, कुल 35 उम्मीदवारों में से पूर्व राष्ट्रपति की बेटी और रूढ़िवादी नेता केइको फुजीमोरी तथा पेरू की राजधानी लीमा के पूर्व मेयर एवं अति-रूढ़िवादी राफेल लोपेज अलीगा अन्य प्रत्याशियों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, फुजीमोरी को 16.88 फीसदी वोट हासिल हुए हैं, जबकि लोपेज को 13.88 प्रतिशत वोट मिले हैं।

पेरू में सोमवार को भी हजारों की संख्या में लोग मतदान के लिए पहुंचे। निर्वाचन अधिकारियों ने दिनभर मतों की गिनती जारी रखी।

देश में 18 से 70 साल की उम्र के लोगों का मतदान करना अनिवार्य है। ऐसा न करने पर उन्हें 32 अमेरिकी डॉलर तक का जुर्माना देना पड़ सकता है।

देश में हिंसक अपराध और भ्रष्टाचार में वृद्धि के चलते मतदाताओं में भारी असंतोष के बीच ये चुनाव कराए गए हैं।

एपी

प्रचेता पारुल

पारुल