(तस्वीरों के साथ)
कुआलालंपुर, सात फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने हवाई अड्डे पर मोदी की अगवानी की।
मलेशिया के मानव संसाधन मंत्री रामानन रामकृष्णन और उप विदेश मंत्री लुकानिस्मान बिन अवांग सौनी ने इब्राहिम के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान कलाकारों ने पारंपरिक संगीत और नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किये, जो दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हैं।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हवाई अड्डे पर मेरे मित्र, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम द्वारा किये गये हार्दिक स्वागत से मैं बहुत अभिभूत हूं। मुझे हमारी वार्ता का इंतजार है और भारत और मलेशिया के बीच दोस्ती के बंधन को और मजबूत करने की उम्मीद है।’’
मोदी रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री के साथ व्यापक वार्ता करेंगे, जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग को और बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर पहुंचने की उम्मीद है।
मोदी और इब्राहिम एक ही कार में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम स्थल पर गए, जिसमें मलेशिया के प्रधानमंत्री भी मौजूद थे।
मोदी ने सोशल मीडिया पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘भारत-मलेशिया के लोगों के बीच संबंधों का जश्न मनाना! प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और मैं कुआलालंपुर में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे हैं।’’
मलेशिया रवाना होने से पहले मोदी ने कहा था कि भारत मलेशिया के साथ रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने तथा आर्थिक एवं नवोन्मेष के क्षेत्र में साझेदारी को बढ़ाने पर विचार कर रहा है।
उन्होंने कहा था, ‘‘भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों में हाल के वर्षों में निरंतर प्रगति हुई है। मैं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अपनी चर्चाओं और हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने को लेकर उत्साहित हूं।’’
उन्होंने कहा था, ‘‘ हमारा लक्ष्य अपने रक्षा और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करना, अपनी आर्थिक और नवाचार साझेदारी को बढ़ाना तथा नए क्षेत्रों में अपने सहयोग का विस्तार करना है।’’
भारत और मलेशिया ने अगस्त 2024 में अपने द्विपक्षीय संबंधों को एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया है।
भाषा देवेंद्र रंजन
रंजन