अमेरिकन जियोफिजिकल यूनियन के पुरस्कार विजेताओं में भारतीय वैज्ञानिक भी शामिल
अमेरिकन जियोफिजिकल यूनियन के पुरस्कार विजेताओं में भारतीय वैज्ञानिक भी शामिल
वाशिंगटन, 25 सितंबर (भाषा) भारतीय वैज्ञानिक रॉक्सी मैथ्यू कोल्ल और नीलिमा सत्यम को अनुसंधान, शिक्षा और उन्नत मृदा एवं अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार और नेतृत्व के लिए अमेरिकन जियोफिजिकल यूनियन (एजीयू) के वर्ष 2026 के लिए दिए जाने वाले पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार (युवा) से सम्मानित जलवायु वैज्ञानिक कोल्ल पुणे स्थित भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान में कार्यरत हैं। उन्हें एजीयू के ‘पावेल एस. मोलचानोव क्लाइमेट कम्युनिकेशंस प्राइज’ के लिए चुना गया है।
कोल्ल को हिंद महासागर के बढ़ते तापमान, मानसून में हो रहे बदलाव, समुद्री की गर्म होती सतह, चक्रवात और अत्यधिक बारिश के साथ-साथ दक्षिण एशिया में लोगों और उनकी आजीविका पर पड़ने वाले प्रभावों के दस्तावेजीकरण के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इस पुरस्कार के तहत विजेता को 25,000 अमेरिकी डॉलर की राशि, नाम अंकित पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया जाता है।
यह पुरस्कार हर वर्ष जलवायु विज्ञान, विशेष रूप से जलवायु परिवर्तन से जुड़े विषयों पर प्रभावी वैज्ञानिक संचार के लिए किसी वैज्ञानिक को दिया जाता है।
आईआईटी-इंदौर की प्रोफेसर नीलिमा सत्यम को एजीयू के ‘देवेंद्र लाल मेमोरियल मेडल’ के लिए चुना गया है। यह पदक पृथ्वी और/या अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध के लिए शुरुआती या मध्य स्तर के करियर वाले वैज्ञानिक को हर वर्ष प्रदान किया जाता है।
भू-तकनीकी इंजीनियरिंग, भूकंपीय जोखिम, आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे और भू-जोखिम कम करने के क्षेत्र में शोध करने वाली सत्यम को नाम अंकित पदक के साथ एजीयू की आजीवन सदस्यता भी प्रदान की जाएगी।
इस बीच, भारतीय मूल के अमेरिकी वैज्ञानिक अब्दुल कादिर और फैसल हुसैन को क्रमश: ‘साइंस फॉर सॉल्यूशंस अवार्ड’ और ‘एंबेसडर अवार्ड’ के लिए चयनित किया गया है।
कादिर मैरीलैंड विश्वविद्यालय में सहायक शोध प्रोफेसर हैं और उन्होंने शिलांग स्थित नॉर्थ ईस्ट स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर के साथ काम किया है।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र हुसैन सिएटल स्थित वाशिंगटन विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं।
एजीयू ने वर्ष 2026 के लिए कुल 43 पुरस्कारों की घोषणा की है। ये पुरस्कार दिसंबर में सैन फ्रांसिस्को में आयोजित होने वाली एजीयू की वार्षिक बैठक के दौरान प्रदान किए जाएंगे।
भाषा मनीषा संतोष
संतोष

Facebook


