जी-7 नेताओं के साथ एआई क्षेत्र के शीर्ष अधिकारियों की बैठक में शामिल हुए सर्वम एआई के प्रत्यूष कुमार

Ads

जी-7 नेताओं के साथ एआई क्षेत्र के शीर्ष अधिकारियों की बैठक में शामिल हुए सर्वम एआई के प्रत्यूष कुमार

  •  
  • Publish Date - June 17, 2026 / 10:06 PM IST,
    Updated On - June 17, 2026 / 10:06 PM IST

एवियॉन, 17 जून (भाषा) बेंगलुरु स्थित सर्वम एआई के सह-संस्थापक प्रत्यूष कुमार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) उद्योग जगत के उन प्रमुख अधिकारियों में शामिल थे, जिन्होंने यहां जी-7 देशों के नेताओं के साथ आयोजित दोपहर भोज बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में सैम ऑल्टमैन और डारियो अमोदेई जैसे एआई क्षेत्र के दिग्गज भी मौजूद थे।

अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार, ‘एआई और डिजिटल युग’ विषय पर भोज के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों समेत जी-7 नेताओं के साथ एआई कंपनियों के अधिकारी भी शामिल हुए। इनमें ओपन एआई के ऑल्टमैन, एंथ्रोपिक के अमोदेई, गूगल डीपमाइंड के डेमिस हसाबिस और मेटा के एलेक्जेंडर वांग शामिल थे।

इस बैठक में शामिल एआई के क्षेत्र के अन्य अधिकारियों में फ्रांस की मिस्ट्रल एआई कंपनी के आर्थर मेन्श, जापान की सकाना एआई के रेन इटो, कनाडा की कोहेयर के एडेन गोमेज, जर्मनी की ब्लैक फॉरेस्ट लैब्स के रॉबिन रोमबाक, इटली की डोमिन के उल्यान शार्का और ब्रिटेन की सिंथेसिया के विक्टर रिपार्बेली शामिल थे।

सर्वम एआई इस महीने 23.4 करोड़ अमेरिकी डॉलर का कोष जुटाने के बाद 1.5 अरब अमेरिकी डॉलर के मूल्यांकन के साथ भारत का नया यूनिकॉर्न स्टार्टअप बन गया है।

सर्वम एआई उन चुनिंदा स्टार्टअप में शामिल है जो फुल-स्टैक एआई कारोबार विकसित करने का प्रयास कर रहे हैं।

स्टार्टअप का कहना है कि उसके एआई मॉडल भारतीय भाषाओं और भारतीय जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किए गए हैं। कंपनी के उत्पादों का इस्तेमाल बैंकिंग, बीमा, सरकारी सेवाओं और रक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में किया जा रहा है।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश