एवियॉन (फ्रांस), 17 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत एवं ब्रिटेन के बीच 15 जुलाई से लागू होने जा रहा मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) दोनों देशों के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को गति देगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समझौता भारतीय किसानों, श्रमिकों, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई), स्टार्टअप और नवाचार क्षेत्र के लिए नए अवसर खोलेगा।
उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “भारत-ब्रिटेन संबंधों के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (सीईटीए) 15 जुलाई, 2026 से लागू होगा।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह करार द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को उल्लेखनीय रूप से बढ़ावा देगा और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में भी योगदान देगा।
उन्होंने कहा कि इस समझौते से भारत और ब्रिटेन के बीच आर्थिक संबंधों को नई गति मिलेगी।
सीईटीए पर भारत एवं ब्रिटेन ने 24 जुलाई, 2025 को हस्ताक्षर किए थे।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय