राष्ट्रपति मुर्मू उत्तर मैसेडोनिया में मदर टेरेसा के स्मारक पर पहुंचीं
राष्ट्रपति मुर्मू उत्तर मैसेडोनिया में मदर टेरेसा के स्मारक पर पहुंचीं
(तस्वीरों के साथ)
(अश्विनी श्रीवास्तव)
स्कोप्ये (उत्तर मैसेडोनिया), 22 जुलाई (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को उत्तर मैसेडोनिया की राजधानी स्कोप्ये में मदर टेरेसा के स्मारक का दौरा किया।
मदर टेरेसा का जन्म 26 अगस्त 1910 को स्कोप्ये में हुआ था। वह 18 साल की उम्र तक यहीं रहीं। इसके बाद उन्होंने ‘सिस्टर्स ऑफ लोरेटो’ से जुड़ने के लिए आयरलैंड का रुख किया और फिर अंतत: भारत आ गईं। उन्हें 1980 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से अलंकृत किया गया था।
राष्ट्रपति भवन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर मैसेडोनिया की राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के साथ स्कोप्ये में मदर टेरेसा के स्मारक का दौरा किया। मदर टेरेसा का जन्म स्कोप्ये में हुआ था और वह 1928 तक वहीं रहीं।”
स्कोप्ये में 2009 में मैसेडोनिया स्ट्रीट पर मदर टेरेसा के स्मारक का निर्माण किया गया था। यह स्मारक ठीक उसी जगह पर स्थित है, जहां पहले ‘सेक्रेड हार्ट ऑफ जीसस रोमन कैथोलिक चर्च’ हुआ करता था, जिसमें जन्म के अगले दिन मदर टेरेसा का बपतिस्मा (ईसाई धार्मिक अनुष्ठान) हुआ था।
मुर्मू उत्तर मैसेडोनिया की दो दिवसीय यात्रा पर हैं, जो मंगलवार को शुरू हुई। यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की उत्तर मैसेडोनिया की पहली यात्रा है।
उत्तर मैसेडोनिया की सीमाएं दक्षिण में ग्रीस, पश्चिम में अल्बानिया, पूर्व में बुल्गारिया, उत्तर-पश्चिम में कोसोवो और उत्तर में सर्बिया से लगती हैं। देश का कुल क्षेत्रफल 25,713 वर्ग किलोमीटर है।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश

Facebook


