केअर स्टार्मर पर एंडी बर्नहैम के लिये पद छोड़ने का दबाव बढ़ा

Ads

केअर स्टार्मर पर एंडी बर्नहैम के लिये पद छोड़ने का दबाव बढ़ा

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 06:06 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 06:06 PM IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, 21 जून (भाषा) एंडी बर्नहैम के ब्रिटेन के नये प्रधानमंत्री बनने के लिये केअर स्टार्मर पर लेबर पार्टी के नेता के तौर पर इस्तीफा देने का दबाव बढ़ रहा है।

इस हफ्ते की शुरुआत में उत्तरी इंग्लैंड के मेकरफील्ड उपचुनाव में नाइजल फराज की ‘रिफॉर्म यूके’ पार्टी से मिल रही दक्षिणपंथी चुनौती के बावजूद बर्नहैम की निर्णायक जीत ने शीर्ष पद के लिए उनकी दावेदारी को मजबूत किया है।

स्टार्मर नेतृत्व को लेकर किसी भी चुनौती का सामना करने के अपने संकल्प पर हालांकि अडिग रहे हैं, लेकिन उनकी अपने मंत्रिमंडल के भीतर से उठ रही असहमति की आवाजों ने अगले हफ़्ते उनके 10 डाउनिंग स्ट्रीट से बाहर होने की अटकलों को हवा दे दी है।

स्टार्मर ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, “दो साल पहले हुए आम चुनाव में देश की सेवा करने के लिए मुझे भारी जनादेश मिला था।”

उन्होंने कहा, “अभी नेतृत्व के लिए कोई मुकाबला नहीं है, लेकिन जैसा कि मैंने कई बार कहा है, मुझे नहीं लगता कि देश को अराजकता में धकेलना कोई अच्छी बात है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं यह भी कहना चाहूंगा कि अब जब एंडी (मेकरफील्ड में) जीत गए हैं – जो वाकई बहुत अच्छी बात है क्योंकि वह हमारे लिए बहुत अहम हैं – तो यह जरूरी है कि हम सब मिलकर काम करें।”

स्टार्मर ने यह भी कहा कि अगर उन्हें किसी मुकाबले का सामना करना पड़ा, तो वे पीछे नहीं हटेंगे और डटकर मुकाबला करेंगे।

पर्दे के पीछे हालांकि यह तेवर कमजोर पड़ता दिख रहा है, क्योंकि बर्नहैम अपनी संभावित कैबिनेट को आकार देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

‘द गार्डियन’ के अनुसार, नए नेता के तौर पर उनका समर्थन करने वाले लेबर पार्टी के सांसदों की संख्या 300 के करीब पहुंच रही है।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश