प्यूर्तो रिको के दो प्रमुख अखबार बंद करेंगे प्रिंट संस्करण, केवल डिजिटल रूप में होंगे उपलब्ध

प्यूर्तो रिको के दो प्रमुख अखबार बंद करेंगे प्रिंट संस्करण, केवल डिजिटल रूप में होंगे उपलब्ध

प्यूर्तो रिको के दो प्रमुख अखबार बंद करेंगे प्रिंट संस्करण, केवल डिजिटल रूप में होंगे उपलब्ध
Modified Date: September 22, 2026 / 01:56 pm IST
Published Date: September 22, 2026 1:56 pm IST

सान जुआन, 22 सितंबर (एपी) प्यूर्तो रिको के दो प्रमुख अखबारों ने आने वाले दिनों में अपने प्रिंट संस्करण बंद करके केवल डिजिटल रूप में उपलब्ध रहने की घोषणा की है। यह कदम दुनियाभर में प्रिंट मीडिया से डिजिटल माध्यम की ओर बढ़ते रुझान का हिस्सा है।

प्यूर्तो रिको की कंपनी जीएफआर मीडिया ने सोमवार को कहा कि यह निर्णय उपभोक्ताओं की बदलती आदतों को देखते हुए लिया गया है। यह कंपनी ‘एल नुएवो डिया’ और ‘प्रिमेरा होरा’ अखबार प्रकाशित करती है।

अखबारों के अनुसार, ‘प्रिमेरा होरा’ का अंतिम प्रिंट संस्करण 24 सितंबर को और ‘एल नुएवो डिया’ का अंतिम प्रिंट संस्करण 27 सितंबर को प्रकाशित होगा।

जीएफआर मीडिया की प्रकाशक मारिया लुइसा फेरे रेंगल ने एक बयान में कहा, ‘‘हम 21वीं सदी के प्यूर्तो रिको के साथ आगे बढ़ रहे हैं, जहां आज नौ करोड़ से अधिक प्यूर्तो रिकन लोग द्वीप, अमेरिका, यूरोप और दुनिया के अन्य हिस्सों में रहते हैं। हम हमेशा प्यूर्तो रिको के साथ रहे हैं और आगे भी जहां-जहां प्यूर्तो रिको होगा, वहां मौजूद रहेंगे।’’

यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका कि इस फैसले से कितने लोगों की नौकरी जाएगी। जीएफआर मीडिया के एक प्रवक्ता ने कहा कि फिलहाल कंपनी की ओर से आधिकारिक बयान के अलावा कोई अन्य टिप्पणी नहीं की जाएगी।

प्यूर्तो रिकन पत्रकार संघ के अनुसार, 2015 से 2025 के बीच जीएफआर मीडिया समेत कई कंपनियों के मालिक ग्रुपो फेरे रेंगल ने यूनियन से जुड़े कर्मचारियों की संख्या करीब 400 से घटाकर 100 से कम कर दी।

ये दोनों अखबार अमेरिका के मुख्य भूभाग के उन दर्जनों अन्य अखबारों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने विज्ञापन आय में गिरावट और उपभोक्ताओं की बदलती आदतों के कारण लागत कम करने के लिए ऐसे कदम उठाए हैं या पूरी तरह बंद हो गए हैं।

गैर-लाभकारी मीडिया संस्थान पॉयंटर के अनुसार, अमेरिका में पिछले दो दशकों में करीब 3,500 अखबार बंद हो चुके हैं, जिससे अखबारों की 2.70 लाख से अधिक नौकरियां खत्म हुई हैं।

‘एल नुएवो डिया’ का प्रकाशन 1970 में शुरू हुआ था। इसके पहले पन्ने पर डोमिनिकन गणराज्य में जोआक्विन बालागेर के राष्ट्रपति चुने जाने और प्यूर्तो रिकन रम के लिए शहद की कमी से जुड़ी खबरें प्रकाशित हुई थीं।

2019 में ‘एल नुएवो डिया’ ने पहली बार अपना पहला पन्ना अंग्रेजी में प्रकाशित किया था। ‘एल नुएवो डिया’ ने 1997 में अपनी डिजिटल वेबसाइट शुरू की थी, उसी साल ‘प्रिमेरा होरा’ का प्रकाशन भी शुरू हुआ था।

‘एल नुएवो डिया’ ने बताया कि उसके डिजिटल संस्करण के पास हर महीने 34 लाख से अधिक और ‘प्रिमेरा होरा’ के पास 28 लाख से अधिक विशिष्ट उपयोगकर्ता हैं।

‘एल नुएवो डिया’ ने हाल में वीडियो-पॉडकास्ट प्रारूप में डिजिटल समाचार कार्यक्रम शुरू किया है। अखबार ने कहा कि अगले महीने इसी प्रारूप में एक समाचार विश्लेषण कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा, जिसमें सप्ताह की प्रमुख खबर पर चर्चा की जाएगी।

एपी मनीषा अमित

अमित


लेखक के बारे में