मध्यावधि चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी का विशेष सम्मेलन, ट्रंप ने डेमोक्रेट्स को घेरा

Ads

मध्यावधि चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी का विशेष सम्मेलन, ट्रंप ने डेमोक्रेट्स को घेरा

  •  
  • Publish Date - September 10, 2026 / 08:57 AM IST,
    Updated On - September 10, 2026 / 08:57 AM IST

डलास (अमेरिका), 10 सितंबर (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी के एक विशेष सम्मेलन को बुधवार को संबोधित करते हुए डेमोक्रेट्स को ‘कट्टरपंथी’ करार दिया और आगामी चुनाव को एक बार फिर अपने नेतृत्व के इर्द-गिर्द केंद्रित करने की कोशिश की।

हालांकि, ट्रंप की ‘कम स्वीकृति रेटिंग’ देशभर में कड़े मुकाबले वाली सीटों पर रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है।

चुनाव में कड़े मुकाबले का सामना कर रहे उम्मीदवारों समेत कई रिपब्लिकन नेता डलास में हो रहे इस दो दिवसीय सम्मेलन में शामिल नहीं हो रहे हैं। वहीं, कुछ अन्य नेता उम्मीद कर रहे हैं कि सम्मेलन में उनकी मौजूदगी से उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और वे ट्रंप के समर्थकों को ऐसे साल में मतदान के लिए प्रोत्साहित कर पाएंगे, जब ट्रंप खुद मतपत्र पर नहीं होंगे।

सम्मेलन के पहले दिन ट्रंप ने कहा, ‘‘अगर हम अमेरिका का भविष्य कट्टरपंथी वामपंथी डेमोक्रेट्स के हाथों में सौंप देते हैं तो हमारा देश अगले एक दशक तक सिर्फ अपने पैरों पर खड़ा होने की कोशिश करता रहेगा। यह एक त्रासदी होगी। रिपब्लिकन को वोट दें और हम आने वाली पीढ़ियों तक पूरी दुनिया को पीछे छोड़ देंगे।’’

इस सम्मेलन में डेमोक्रेट्स को अत्यधिक वामपंथी साबित करने की कोशिश की गई। उन्हें कम्युनिस्ट, अमेरिका-विरोधी और यहां तक कि ‘‘दुष्ट’’ तक बताया गया।

इस कार्यक्रम को एक अप्रत्याशित समर्थन भी मिला। डेमोक्रेटिक पार्टी के पेनसिल्वेनिया से सीनेटर जॉन फेटरमैन ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मैं हमेशा कट्टरपंथ और समाजवाद को खारिज करूंगा।’’

फेटरमैन का अपनी ही पार्टी के नेताओं के साथ टकराव रहा है।

सम्मेलन के पहले ही दिन ट्रंप की राजनीतिक टीम ने भारी मात्रा में धन खर्च करना शुरू कर दिया। ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने बुधवार को पहली बार खबर दी कि ट्रंप की राजनीतिक टीम के पास सैकड़ों करोड़ डॉलर की रकम है और उसने ‘नो गोइंग बैक पीएसी इंक.’ नाम के एक नए समूह के जरिए बड़े पैमाने पर खर्च शुरू किया है।

इस समूह ने सीनेट के छह कड़े मुकाबले वाले चुनावों और प्रतिनिधि सभा के एक कड़े मुकाबले वाले चुनाव में 4.9 करोड़ अमेरिकी डॉलर खर्च करने के लिए धन सुरक्षित रखा है।

सामान्य राजनीतिक सम्मेलन हर चार साल में होते हैं और उनका उद्देश्य सिर्फ तामझाम और औपचारिकताओं तक सीमित नहीं होता। इनमें पार्टियां आधिकारिक तौर पर राष्ट्रपति पद के लिए अपने उम्मीदवार का नामांकन करती हैं। इसके विपरीत, इस सप्ताह का सम्मेलन पूरी तरह ‘‘ट्रंप शो’’ बना हुआ है।

हालांकि, कार्यक्रम के शुरुआती घंटों में बड़ी संख्या में सीटें खाली थीं, यहां तक कि मंच के आसपास के हिस्सों में भी। ट्रंप के भाषण से पहले अधिकांश सीटें भर गयीं, हालांकि ऊपरी दीर्घाओं में फिर भी काफी सीटें खाली रहीं।

राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि ईरान युद्ध के कारण बढ़ी तेल की कीमतें संभवतः मध्यावधि चुनाव के बाद ही नीचे आएंगी। आर्थिक स्थिति को लेकर ट्रंप की यह भविष्यवाणी उनकी पार्टी के चुनावी प्रदर्शन के लिए चिंता बढ़ा सकती है।

उन्होंने वादा किया, ‘‘चुनाव के ठीक बाद तेल की कीमतें तेजी से नीचे आने लगेंगी।’’ बुधवार को तेल की कीमतों में तीन प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी के बीच ट्रंप ने यह बात कही।

ट्रंप सम्मेलन के दोनों दिन लोगों को संबोधित करेंगे।

एपी गोला शोभना

शोभना