फिलीपीन में आग से क्षतिग्रस्त नौका में बचाव अभियान जारी; पांच लोगों की मौत, 84 लापता

Ads

फिलीपीन में आग से क्षतिग्रस्त नौका में बचाव अभियान जारी; पांच लोगों की मौत, 84 लापता

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 03:47 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 03:47 PM IST

मनीला, 11 सितंबर (एपी) फिलीपीन के समुद्री क्षेत्र में एक नौका में आग लग गई, जिसके कारण कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 84 लोग लापता हैं। नौका में आग लगने के बाद धुएं के कारण बचावकर्मियों को शुक्रवार को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

बेहद क्षतिग्रस्त और एक ओर झुकी हुई नौका से अब भी धुआं निकल रहा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वह (नौका) रातभर बहकर तट के कुछ करीब पहुंच गई। बचावकर्मियों को बृहस्पतिवार को धुएं और गर्मी के कारण नौका में प्रवेश करने में कठिनाई हुई थी और अभियान रात में रोक दिया गया था।

तटरक्षक बल की प्रवक्ता कमोडोर नोएमी कायाबयाब ने कहा कि स्थिति का आकलन किया जा रहा है और शुक्रवार को नौका में प्रवेश करना प्राथमिकता है।

एमवी जून एस्टर नौका बुधवार शाम को उस समय आग की चपेट में आ गई, जब वह राजधानी मनीला से रवाना होकर अपने गंतव्य पालावान प्रांत के कोरोन जा रही थी। इस घटना के समय यह टुर्दा गांव के पास करीब चार समुद्री मील (7.4 किलोमीटर) दूर थी। तटरक्षक बल और अन्य जहाजों ने 43 लोगों को बचा लिया, जिनमें से कुछ लोगों को उस वक्त समुद्र से बाहर निकाला गया जब नौका जल रही थी।

हादसे में बचे अर्नुल्फो नोकी विलानुएवा ने न्यूज5 पर प्रसारित एक वीडियो में कहा, ‘‘आग तेजी से फैल गई। तभी मैं गिर गया और मेरी पीठ जल गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं जीवन रक्षक जैकेट लेना चाहता था, लेकिन नहीं ले सका, क्योंकि लोग मेरे ऊपर से गुजर रहे थे। लोग घबरा गए थे।’’ उन्होंने बताया कि बाद में वह एक खिड़की से बाहर कूदने में सफल रहे।

तटरक्षक बल, अन्य सरकारी एजेंसियों, निजी स्वयंसेवकों और मछुआरों ने आसपास के समुद्री क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया। तटीय गश्ती दलों ने यह भी जांच की कि कहीं कुछ लोग बहकर तट तक तो नहीं पहुंच गए, लेकिन अब तक कोई जीवित व्यक्ति या नया शव नहीं मिला है।

यात्रियों की सूची के अनुसार, नौका में कुल 134 लोग सवार थे, जिनमें 117 यात्री और चालक दल के 17 सदस्य थे।

तटरक्षक बल ने बताया कि सूची में शामिल दो यात्रियों ने अधिकारियों को सूचित किया कि वे नौका पर सवार ही नहीं हुए थे। इसके बाद लापता लोगों की संख्या 84 रह गई।

एपी रवि कांत सुरेश

सुरेश