(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 30 सितंबर (भाषा) अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दक्षिण और मध्य एशिया में पदस्थ अमेरिकी राजदूतों के एक सम्मेलन को डिजिटल माध्यम से संबोधित किया।
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर की मेजबानी में मंगलवार को नयी दिल्ली में राजदूतों का क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया।
रुबियो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज मैंने भारत में राजदूत सर्जियो गोर की मेजबानी में आयोजित हमारे राजदूतों के क्षेत्रीय सम्मेलन में हिस्सा लिया।’’
उन्होंने कहा कि कजाखस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, उज्बेकिस्तान, बांग्लादेश, भारत, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका में तैनात अमेरिकी राजदूतों तथा दूतावास प्रमुखों से बात करके उन्हें अच्छा लगा।
रुबियो ने कहा, ‘‘हमारे राजदूत गर्व के साथ अमेरिका को अधिक सुरक्षित, मजबूत और समृद्ध बनाने के लिए काम कर रहे हैं।’’
रुबियो अक्टूबर के मध्य में 100 से अधिक अमेरिकी कंपनियों के कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ उज्बेकिस्तान की यात्रा करने वाले हैं। इस यात्रा का उद्देश्य अमेरिका और मध्य एशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना तथा द्विपक्षीय कूटनीतिक और वाणिज्यिक सहयोग मजबूत करना है।
अमेरिका पिछले एक दशक से उज्बेकिस्तान के साथ अपने संबंधों को मजबूत कर रहा है। सोवियत संघ का हिस्सा रहा यह देश क्षेत्र में अमेरिका के एक प्रमुख सहयोगी के रूप में उभरा है।
समरकंद यात्रा के दौरान रुबियो कजाखस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्रियों के साथ ‘सी5प्लस1’ मंत्रिस्तरीय बैठक में भी हिस्सा लेंगे।
भाषा गोला शोभना
शोभना