कीव, एक अप्रैल (एपी) रूस के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को दावा किया कि रूसी सशस्त्र बलों ने यूक्रेन के पूरे लुहांस्क क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है। हालांकि यूक्रेन के एक सैन्य अधिकारी ने इस दावे का खंडन किया है।
ये दावे-प्रतिदावे ऐसे समय में किये गये हैं जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की अमेरिकी दूतों के साथ वार्ता की तैयारी में जुटे हैं। ये अमेरिकी दूत रूस के आक्रमण पर पूर्ण विराम के लिए मध्यस्थता प्रयास कर रहे हैं।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘ग्रुप ऑफ फोर्सेज वेस्ट की इकाइयों ने लुहांस्क पीपुल्स रिपब्लिक को पूरी तरह से मुक्त करा लिया है।’’
हालांकि, यूक्रेन के संयुक्त बल के प्रवक्ता विक्टर ट्रेहुबोव ने कहा कि उस क्षेत्र में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
ट्रेहुबोव ने बताया, ‘‘दुर्भाग्य से, लुहांस्क में हमारे पास केवल कुछ छोटे-छोटे इलाके ही बचे हैं, लेकिन उन जगहों पर तीसरी ब्रिगेड लंबे समय से काबिज है।’’
युद्धक्षेत्र में प्रगति को लेकर रूस के दावों में अतीत में विसंगतियां देखी गई हैं। रूस द्वारा नियुक्त लुहांस्क के प्रमुख ने पिछले जून में इस पर पूर्ण कब्जे की घोषणा की थी।
यूक्रेनी अधिकारियों ने अतीत में कहा था कि रूस अमेरिकी वार्ताकारों को यह विश्वास दिलाने के लिए प्रगति के झूठे दावे करता है कि यूक्रेन में उसकी जीत अपरिहार्य है।
जेलेंस्की ने कहा कि वह बुधवार को बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूतों स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत करेंगे करेंगे ताकि आगे की त्रिपक्षीय वार्ता की संभावना पर चर्चा की जा सके।
एपी
राजकुमार अमित
अमित