कीव, तीन फरवरी (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को कहा कि रूस ने देर रात एक बड़े हमले में यूक्रेन पर लंबी दूरी के लगभग 450 ड्रोन और विभिन्न प्रकार की 70 मिसाइलें दागीं।
यह हमला ऐसे समय हुआ, जब दोनों देश संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता से होने वाली वार्ता में भाग लेने वाले हैं, जिसका उद्देश्य लगभग चार साल पहले शुरू हुए युद्ध को समाप्त करना है।
जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के कम से कम पांच क्षेत्रों पर बमबारी का निशाना विशेष रूप से बिजली ग्रिड था। अधिकारियों ने बताया कि रूस के हमलों में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘रूस के लिए कूटनीति से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है लोगों को आतंकित करना है।’’
उन्होंने सहयोगी देशों से अधिक हवाई रक्षा आपूर्ति भेजने और रूस पर ‘अधिकतम दबाव’ डालने का आग्रह किया ताकि वह 24 फरवरी, 2022 को शुरू हुए युद्ध को समाप्त कर दे।
अबू धाबी में वार्ता बुधवार और बृहस्पतिवार को होनी है।
रूस ने बिजली संयंत्रों, सबस्टेशन, ट्रांसफार्मर, टर्बाइन और जनरेटर को निशाना बनाकर यूक्रेन के बिजली नेटवर्क को नष्ट करने का प्रयास किया है। यूक्रेन की सबसे बड़ी निजी बिजली कंपनी डीटीईके ने कहा कि अक्टूबर से अब तक हुए नौवें बड़े हमले में उसके थर्मल पावर प्लांट को निशाना बनाया गया।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि सुबह होते-होते राजधानी की 1,170 अपार्टमेंट इमारत में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बाधित हो गई। रूस ने यूक्रेन के उत्तर-पूर्वी खारकीव क्षेत्र और दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र पर भी हमले किए।
एपी आशीष शोभना
शोभना