दुनियाभर के कई देश एक बार फिर साइबर अटैक की चपेट में आ गए हैं। इस खतरनाक वायरस ने पूरे यूक्रेन को ठप करने के साथ रूस, ब्रिटेन, यूरोप और अमेरिका के कई सर्वरों को प्रभावित किया है। माना जा रहा है कि पिछलेरैनसमवेयर से भी ज्यादा खतरनाक इस वायरस का असर भारत में भी हुआ है। हालांकि भारतीय साइबर सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख गुलशन राय ने किसी भी तरह की शिकायत मिलने से इनकार किया है।
आईटी विशेषज्ञों ने इस वायरस की पहचान ‘गोल्डन-आई’ या ‘पैटव्रैप’ के रूप में की है। यह पिछले साल सामने आए ‘पेट्वा’ वायरस का ही उन्नत रूप है। इसका सबसे बुरा असर यूक्रेन में देखने में आ रहा है। वहां सरकारी मंत्रालयों, बिजली कंपनियों और बैंक के कंप्यूटर सिस्टम में बड़ी खराबी सामने आ रही है। यूक्रेन का सेंट्रल बैंक, सरकारी बिजली वितरक कंपनी यूक्रेनेर्गो, विमान निर्माता कंपनी एंतोनोव और दो डाक सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। राजधानी कीव की मेट्रो में पेमेंट कार्ड काम नहीं कर रहे हैं। कई पेट्रोल स्टेशनों को अपना काम-काज रोकना पड़ा है।