ब्रिटेन रोजाना 20 मिनट चलने वालों को पुरस्कृत करेगा

Ads

ब्रिटेन रोजाना 20 मिनट चलने वालों को पुरस्कृत करेगा

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 08:18 PM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 08:18 PM IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, तीन जुलाई (भाषा) ब्रिटिश सरकार द्वारा वित्तपोषित राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस)ने शुक्रवार को देश भर में चलने की एक चुनौती (वॉकिंग चैलेंज) की योजना की घोषणा की। इस चुनौती में एक महीने के भीतर मैराथन के बराबर दूरी तय करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा।

एनएचएस के मुताबिक जनवरी 2027 में शुरू होने वाले ‘मूवमेंट 26.2’’ चुनौती का लक्ष्य करीब एक लाख प्रतिभागियों को शामिल करना है।

इसका उद्देश्य लोगों को रोज़ाना कम से कम 20 मिनट तक पैदल चलने और उसका रिकॉर्ड रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। एक महीने में यह कुल मिलाकर लगभग 26.2 मील (करीब 42 किलोमीटर) होगा, जो एक मैराथन की दूरी के बराबर है।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने कहा, ‘‘मूवमेंट 26.2 के बारे में मुझे जो बात सबसे अच्छी लगती है, वह है इसकी सादगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘रोज़ाना 20 मिनट टहलना महीने भर में एक मैराथन के बराबर होता है। यह बिल्कुल आसान और पूरी की जाने वाली चुनौती है, जिसके सार्थक फायदे हैं।’’

प्रतिभागी टहल कर तय की गई दूरी को ऑनलाइन या अपने फ़ोन और स्मार्टवॉच के जरिए रिकॉर्ड कर सकेंगे। जो लोग यह चुनौती पूरी करेंगे, उन्हें रियायती कूपन और दूसरे इनाम दिये जाएंगे।

भाषा धीरज नरेश

नरेश