बाढ़ के बाद नेपाल, चीन में फंसे महाराष्ट्र के 262 लोग

Ads

बाढ़ के बाद नेपाल, चीन में फंसे महाराष्ट्र के 262 लोग

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 04:29 PM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 04:29 PM IST

मुंबई, 31 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के 262 लोग बाढ़ प्रभावित नेपाल और चीन के इलाकों में फंसे हुए हैं, जबकि 144 अन्य भारत वापस लौट चुके हैं। राज्य सरकार की एक आधिकारिक रिपोर्ट से यह जानकारी मिली।

महाराष्ट्र आपदा प्रबंधन विभाग ने सोमवार को कहा कि विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर उन 64 लोगों का पता लगाने की कोशिशें की जा रही हैं जिनसे अभी तक संपर्क नहीं हो पाया है।

रिपोर्ट में कहा गया कि अधिकारियों का रिचा टूर्स प्राइवेट लिमिटेड के जरिए यात्रा करने वाले 60 नागरिकों से अब तक सीधा संपर्क नहीं हो पाया है। वहीं, चार अन्य लोगों के बारे में संपर्क सूत्रों के जरिए जानकारी मिली है, लेकिन उनसे भी अभी तक संपर्क स्थापित नहीं हो पाया है।

रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 144 नागरिक भारत पहुंच चुके हैं। इनमें से 105 नागरिक 28 अगस्त को नागपुर पहुंचे, जबकि 39 नागरिक शनिवार और रविवार को मुंबई पहुंचे। रिपोर्ट में कहा गया है कि महाराष्ट्र के कुल 262 नागरिक नेपाल या चीन में अब भी फंसे हुए हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि कम से कम 69 नागरिक कोदारी आव्रजन केंद्र के जरिए चीन-नेपाल सीमा पार कर नेपाल में प्रवेश कर चुके थे और उनके 31 अगस्त तक मुंबई पहुंचने की उम्मीद थी।

सरकार को अन्य भारतीय नागरिकों की एक सूची भी मिली है और वह जानकारी का सत्यापन करने तथा उनसे संपर्क स्थापित करने के लिए विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय कर रही है।

नेपाल-तिब्बत क्षेत्र में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के बाद महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के लोग वहां फंस गए।

नेपाल-तिब्बत सीमा के निकट हिमनद के टूटने के बाद हिमस्खलन जैसी घटना से पानी, गाद और मलबे का तेज बहाव नीचे की ओर आया, जिसने मध्य नेपाल में कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया और जलविद्युत केंद्रों को नष्ट कर दिया।

भाषा आशीष माधव

माधव