बेरूत, दो मई (एपी) दक्षिणी लेबनान में शनिवार को हुए इजराइली हवाई हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
इजराइल ने यह हमला ऐसे समय में किया है, जब उसकी सेना ने नौ दक्षिणी गांवों के निवासियों को वहां से हटने की नयी चेतावनी जारी की थी।
इजराइली सेना और लेबनान के चरमपंथी संगठन हिजबुल्ला ने 17 अप्रैल से लागू संघर्ष विराम के बावजूद अपने हमले जारी रखे हैं।
लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी, नेशनल न्यूज एजेंसी ने बताया कि कफर दजल गांव में एक कार पर हवाई हमला हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, लुवाइजेह गांव में एक घर पर हुए हमले में तीन लोग मारे गए।
समाचार एजेंसी के अनुसार, एक अन्य गांव पर हुए हमले में दो लोगों की जान चली गई।
इजराइली सेना की एक प्रवक्ता, लेफ्टिनेंट कर्नल एला वावेया ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि इजराइल की वायु सेना ने पिछले 24 घंटों में लगभग 50 हवाई हमले किए। उन्होंने बताया कि इन हमलों में हिज्बुल्ला के बुनियादी ढांचे और सदस्यों को निशाना बनाया।
दस दिनों का संघर्षविराम 17 अप्रैल को लागू हुआ था। बाद में, इसे तीन हफ्तों के लिए बढ़ा दिया गया।
एपी सुभाष रंजन
रंजन