दुबई, 29 जून (भाषा) भारत और सऊदी अरब ने जल संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह जानकारी सोमवार को जारी आधिकारिक बयान में दी गई।
इस समझौते पर हस्ताक्षर जेद्दा में आयोजित सऊदी अरब के राष्ट्रीय जल सम्मेलन में किए गए।
रियाद में भारतीय दूतावास ने सोमवार को कहा, ‘‘यह भारत-सऊदी अरब रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है।’’
समझौते पर भारत के राजदूत सुहेल खान और सऊदी अरब के पर्यावरण, जल और कृषि मंत्री अब्दुल रहमान अब्दुल मोहसिन अल-फदली ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान भारत के महावाणिज्य दूत फहाद सूरी भी मौजूद थे।
भारतीय मिशन ने कहा, ‘‘इस समझौते का उद्देश्य सहयोग को बढ़ावा देना, क्षमता निर्माण को मजबूत करना और जल संसाधन योजना, टिकाऊ जल प्रबंधन, सिंचाई प्रणालियों और अन्य संबंधित क्षेत्रों में बेहतर तौर-तरीकों के आदान-प्रदान को आसान बनाना है।’’
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव