कीव, 29 जून (एपी) यूक्रेन पर रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों में कम से कम आठ लोग मारे गए और 35 अन्य घायल हो गए। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इन हमलों को ‘‘भयावह’’ करार दिया।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा कि बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने वाली एक रूसी मिसाइल निप्रो शहर में गिरी, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए।
उन्होंने कहा कि रूसी ड्रोन ने दक्षिणी शहर ज़पोरिज़िया में एक यात्री मिनीबस को भी निशाना बनाया, जिसमें तीन लोग मारे गए और एक बच्चा सहित छह लोग घायल हो गए।
यूक्रेनी पुलिस के अनुसार, देश के उत्तर-पूर्वी सुमी इलाके में रूस के ड्रोन हमलों में 69 साल की एक महिला और 77 साल के एक पुरुष की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के कम से कम छह अन्य इलाकों में भी घातक हमले हुए।
ज़ेलेंस्की ने यूरोप से रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए हवाई रक्षा प्रणाली को और बेहतर बनाने की अपनी अपील दोहराई।
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को ऐसे भयानक हमलों से ज़्यादा सुरक्षा की ज़रूरत है। सबसे ज़रूरी बात यह है कि हमें बैलिस्टिक रोधी क्षमताएँ चाहिए।’’
एपी नेत्रपाल अविनाश
अविनाश