यूरोप में भीषण गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, कई लोगों की हुई मौत

Ads

यूरोप में भीषण गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, कई लोगों की हुई मौत

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 08:54 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 08:54 PM IST

लंदन, 26 मई (एपी) पश्चिमी यूरोप के कई हिस्सों में जारी भीषण गर्मी के दौर के बीच मंगलवार को तापमान के मामले में पुराने रिकॉर्ड टूट गए।

कई देशों की सरकारों ने आगाह किया है कि इस भीषण गर्मी से लोगों की जान को खतरा हो सकता है। वहीं ब्रिटेन और फ्रांस में गर्मी से राहत पाने की कोशिश के दौरान जलाशयों में नहाते समय कई लोगों के पानी में डूबने की घटनाएं भी सामने आईं।

लंदन में एक दुर्लभ “ट्रॉपिकल नाइट” दर्ज की गई, जिसका मतलब है कि रात में तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया।

ब्रिटेन की मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ‘मेट ऑफिस’ ने कहा कि दक्षिणी इंग्लैंड में मंगलवार को तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

सोमवार ब्रिटेन में मई का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। लंदन के क्यू गार्डन्स में तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके साथ ही 1922 और 1944 में बने रिकॉर्ड टूट गए। इन दोनों साल तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

फ्रांस में भी तापमान के मामले में रिकॉर्ड टूटे, जहां सोमवार को देश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और रात में भी कई जगह तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।

तापमान अत्यधिक होने के कारण कई अप्रत्याशित मौसम संबंधी घटनाएं भी सामने आई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि असामान्य समय और जगहों पर बन रहीं घातक मौसमी परिस्थितियां लोगों के लिए बड़ा खतरा साबित हो रही हैं।

ब्रिटेन में लंबे सप्ताहांत के दौरान लोग समुद्र तटों, स्विमिंग पूल और पार्कों में उमड़ पड़े। मंगलवार को लंदन में यात्री बिना एयर कंडीशनर वाले मेट्रो कोच में गर्मी से परेशान दिखे।

स्कॉटलैंड में दमकलकर्मी पूरी रात एडिनबर्ग के प्रसिद्ध पहाड़ी क्षेत्र आर्थर सीट में लगी आग बुझाने में जुटे रहे।

ब्रिटेन की स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी ने बृहस्पतिवार तक देश के अधिकतर हिस्सों के लिए स्वास्थ्य अलर्ट जारी किया है। एजेंसी ने आगाह किया है कि दोपहर के समय पड़ने वाली गर्मी विशेष रूप से बुजुर्गों के स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक है।

ब्रिटेन में आमतौर पर मौसम सामान्य रहता है, इसलिए वहां कई घरों, स्कूलों और दफ्तरों में एयर कंडिशनर की व्यवस्था नहीं होती।

अधिकारियों के अनुसार, ब्रिटेन में झीलों और जलाशयों में डूबने से कम से कम तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड में समुद्र में 60 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई।

फ्रांस सरकार की प्रवक्ता मॉड ब्रेजेओं ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण कम से कम सात लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि पांच लोगों की मौत डूबने और दो की खेल प्रतियोगिताओं के दौरान हुई।

स्पेन भी भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग के प्रवक्ता रुबेन डेल कैंपो ने कहा, “मई महीने में ऐसा तापमान दर्ज किया जा रहा है, जैसा सामान्यतः गर्मी के मौसम की मध्यावधि में होता है।”

उन्होंने बताया कि सप्ताहांत में सेविल में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि स्पेन के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 5 से 10 डिग्री अधिक रहा।

वहीं, रोम में मंगलवार को तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

एपी जोहेब माधव

माधव