दक्षिणी इडाहो में फास्ट फूड रेस्तरां में गोलीबारी में कई लोगों की मौत
दक्षिणी इडाहो में फास्ट फूड रेस्तरां में गोलीबारी में कई लोगों की मौत
बोइस (अमेरिका), दो अगस्त (एपी) अमेरिका के दक्षिणी इडाहो राज्य में शनिवार दोपहर एक रेस्तरां में गोलीबारी की घटना में कई लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
ट्विन फॉल्स के पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मारे गए लोगों में हमलावर भी शामिल है। उन्होंने कहा कि पुलिस हमलावर की पहचान और हमले के मकसद का पता लगाने में जुटी है।
हिक्स ने कहा, ‘‘हमें लगता है कि लोगों के लिए अब कोई खतरा नहीं है।’’ उन्होंने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग मारे गए या घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘घटनास्थल पर बेहद अफरा-तफरी का माहौल था।’’
संवाददाता सम्मेलन से पहले ट्विन फॉल्स काउंटी के आयुक्त ब्रेंट रेनके ने बताया कि शेरिफ जैक जॉनसन ने उन्हें बताया है कि पांच लोग घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शी लेन कोहन (34) ने बताया कि वह ‘इन-एन-आउट’ रेस्तरां के पास लाल बत्ती पर रुके हुए थे, तभी उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति ‘एआर’ शैली की राइफल लेकर निकला। उसी दौरान एक अन्य व्यक्ति ने पिस्तौल से हमलावर पर गोली चलानी शुरू कर दी।
कोहन ने बताया कि उन्होंने रेस्तरां की वर्दी पहने एक कर्मचारी को अपनी सहकर्मी को पार्किंग क्षेत्र में घसीटते हुए देखा, जिसे सीने में गोली लगी थी। वह कर्मचारी, कोहन और एक पिस्तौलधारी व्यक्ति उसके साथ तब तक रहे, जब तक चिकित्साकर्मी वहां नहीं पहुंच गए।
उन्होंने कहा, ‘‘उसकी हालत बहुत गंभीर थी। मुझे नहीं पता कि वह बची या नहीं, लेकिन मैं उम्मीद करता हूं कि वह सुरक्षित हो।’’
कोहन ने बताया कि पुलिस ने उन्हें वहां से निकल जाने को कहा, क्योंकि उस समय तक गोलीबारी जारी थी। उनके अनुसार हमलावर ने कम से कम तीन या चार गोलियां चलाईं हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उसका निशाना कोई विशेष व्यक्ति था या नहीं।
सड़क के दूसरी ओर से एक चालक द्वारा बनाए गए वीडियो में एक व्यक्ति काले कपड़े पहने, लंबी राइफल लिए एक सफेद कार के पास जाता दिखाई देता है। उसने चालक की ओर का दरवाजा खोला और कार का पिछला हिस्सा खोला। इसके बाद वह पीछे जाकर उसमें कुछ तलाशने लगा। वीडियो बना रहे चालक ने यह सोचकर तुरंत वहां से गाड़ी भगा ली कि कहीं वह और हथियार न निकाल ले।
ट्विन फॉल्स की निवासी 43 वर्षीय हेली डोडारो ने बताया कि वह शनिवार दोपहर अपनी मां के साथ दोपहर का भोजन करने रेस्तरां ‘इन-एन-आउट’ गई थीं। कतार में इंतजार करते समय उन्होंने लोगों को सड़क पार भागते और रेस्तरां के कर्मचारियों को बाहर निकलते देखा। पहले उन्हें लगा कि शायद आग लग गई है, लेकिन यातायात नियंत्रित कर रहे एक व्यक्ति ने बताया कि वहां गोलीबारी हुई है।
डोडारो ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को भेजे संदेश में कहा, ‘‘तभी हमें पता चला कि गोलीबारी हुई है। लोग रोते और चीखते हुए बाहर भाग रहे थे। यह बहुत डरावना था।’’
हिक्स ने बताया कि घटना एक व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र के पास हुई, जहां उस समय सैकड़ों लोग मौजूद थे। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है और उसने घटना के बारे में जानकारी रखने वाले लोगों से आगे आने की अपील की है।
करीब 56,000 आबादी वाला ट्विन फॉल्स शहर बोइस से लगभग 205 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और नेवादा सीमा से लगभग 120 किलोमीटर उत्तर में स्थित है।
(एपी) शोभना गोला
गोला

Facebook


