पुर्तगाल के राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे चरण में समाजवादी उम्मीदवार ने जीत हासिल की
पुर्तगाल के राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे चरण में समाजवादी उम्मीदवार ने जीत हासिल की
लिस्बन, नौ फरवरी (एपी) पुर्तगाल के राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे चरण में रविवार को मध्य-वामपंथी समाजवादी उम्मीदवार एंतोनियो जोस सेगुरो ने कट्टर दक्षिणपंथी नेता आंद्रे वेंतुरा को भारी मतों के अंतर से हराया।
आधिकारिक नतीजों के अनुसार, 96 प्रतिशत मतों की गिनती पूरी होने तक सेगुरो को 66 प्रतिशत मत मिले, जबकि वेंतुरा को 34 प्रतिशत मत प्राप्त हुए।
यह चुनाव वेंतुरा की आक्रामक और बेबाक शैली के लिए समर्थन को परखने का अवसर था। उनकी ‘चेगा’ (इनफ) पार्टी हाल के वर्षों में तेजी से उभरी है और पुर्तगाली संसद में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है।
लंबे समय से समाजवादी राजनीति में सक्रिय रहे सेगुरो ने खुद को एक उदारवादी उम्मीदवार के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने वेंतुरा के व्यवस्था-विरोधी और प्रवासी-विरोधी भाषणों को खारिज करते हुए कहा कि वह देश की मध्य-दक्षिणपंथी अल्पमत सरकार के साथ सहयोग करेंगे। उन्हें मुख्यधारा के कई नेताओं का समर्थन मिला।
पुर्तगाल में राष्ट्रपति का पद मुख्यतः प्रतीकात्मक है, लेकिन उनके पास संसद के कानूनों पर वीटो लगाने और संसद भंग कर नए चुनाव कराने जैसी अहम शक्तियां हैं।
वेंतुरा ने कहा कि वह पुर्तगाल में राजनीतिक ‘‘परिवर्तन’’ लाने के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने आव्रजन को अपना बड़ा मुद्दा बनाया और ‘‘पुर्तगाल हमारा है’’ जैसे नारे दिए।
मार्च में सेगुरो मौजूदा राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूजा का स्थान लेंगे, जो दो कार्यकाल पूरे कर चुके हैं।
एपी गोला सिम्मी
सिम्मी

Facebook


