ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर के इस्तीफे की अटकलें तेज, सोमवार को कर सकते हैं घोषणा

Ads

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर के इस्तीफे की अटकलें तेज, सोमवार को कर सकते हैं घोषणा

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 11:23 AM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 11:23 AM IST

लंदन, 22 जून (एपी) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर सोमवार को इस बात की घोषणा कर सकते हैं कि वह अपना इस्तीफा कब देंगे। वह अपनी ही लेबर पार्टी के भीतर सत्ता छोड़ने के दबाव के आगे झुकते नजर आ रहे हैं।

अगर स्टॉर्मर पद छोड़ते हैं, तो वह पिछले एक दशक में कार्यकाल पूरा होने से पहले इस्तीफे की घोषणा करने वाले छठे ब्रिटिश प्रधानमंत्री होंगे।

संसद की एक सीट के लिए हुए उपचुनाव में पार्टी के भीतर अपने प्रतिद्वंद्वी एंडी बर्नहैम की जीत के बाद स्टॉर्मर पर पद छोड़ने का दबाव बढ़ गया है। पिछले सप्ताह तक ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर रहे बर्नहैम ने पार्टी और देश के नेतृत्व के लिए स्टॉर्मर को चुनौती देने के उद्देश्य से यह चुनाव लड़ा था। बर्नहैम सोमवार को संसद सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले हैं।

स्टॉर्मर के कार्यालय ने इस्तीफे की अटकलों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है, लेकिन व्यापार मंत्री पीटर काइल ने रविवार को कहा कि स्टॉर्मर ‘‘राजनीतिक वास्तविकताओं, चुनौतियों और अवसरों पर विचार करने के लिए समय ले रहे हैं।’’

हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि यदि स्टॉर्मर पद छोड़ते हैं तो बर्नहैम को सर्वसम्मति से नेतृत्व सौंपा जाएगा या उन्हें किसी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।

स्टॉर्मर के नेतृत्व के विरोध में पिछले माह स्वास्थ्य मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले वेस स्ट्रीटिंग ने कहा है कि यदि नेतृत्व के लिए चुनाव होता है, तो वह भी मैदान में उतरेंगे।

इस संभावित घोषणा से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस मुद्दे पर टिप्पणी की। उन्होंने स्टॉर्मर के संभावित इस्तीफे को अपने दो प्रमुख मुद्दों—अप्रवासन और नवीकरणीय ऊर्जा—से जोड़ा।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘केअर स्टॉर्मर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। वह दो बेहद महत्वपूर्ण मुद्दों—अप्रवासन और ऊर्जा—पर बुरी तरह विफल रहे। मैं उनके अच्छे भविष्य की कामना करता हूं।’’

एपी खारी वैभव

वैभव