वैश्विक शांति के लिए भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती महत्वपूर्ण: शीर्ष अमेरिकी नेता

वैश्विक शांति के लिए भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती महत्वपूर्ण: शीर्ष अमेरिकी नेता

वैश्विक शांति के लिए भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती महत्वपूर्ण: शीर्ष अमेरिकी नेता
Modified Date: February 2, 2026 / 11:56 am IST
Published Date: February 2, 2026 11:56 am IST

(योषिता सिंह)

न्यूयॉर्क, दो फरवरी (भाषा) अमेरिका के दोनों दलों के शीर्ष सांसदों और नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों तथा प्रवासी भारतीयों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह साझेदारी विश्व भर में शांति और स्थिरता के लिए ‘‘बहुत महत्वपूर्ण’’ है तथा उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।

न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को यहां एक विशेष स्वागत समारोह का आयोजन किया।

न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्यदूत बिनय श्रीकांत प्रधान और उप महावाणिज्यदूत विशाल हर्ष ने समारोह में मौजूद गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।

इस समारोह में सरकारी अधिकारी, कारोबारी नेता, शिक्षा और संस्कृति जगत के नेता, भारतीय-अमेरिकी समुदाय के कई प्रमुख सदस्य, राजनयिक कोर के सदस्य और विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथि शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए डेलवेयर के गवर्नर मैट मेयेर ने इस बात पर जोर दिया कि उनके राज्य में भारतीय समुदाय सबसे तेजी से बढ़ने वाला प्रवासी समुदाय है।

उन्होंने डेलवेयर की विदेश सचिव चारुनी पतिबांडा-सांचेज के माता-पिता की प्रवासी यात्रा को याद किया, जो अमेरिका में इस पद को संभालने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी थीं।

मेयेर मार्च में भारत की यात्रा करने वाले हैं, जिसमें वह मुंबई, दिल्ली और हैदराबाद में एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

सफोल्क काउंटी से रिपब्लिकन अमेरिकी प्रतिनिधि निक ला लोटा ने न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड में इतालवी और आयरिश समुदायों के बाद बढ़ते भारतीय समुदाय को ‘तीसरा समुदाय’ बताया।

न्यूयॉर्क के 17वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट के अमेरिकी प्रतिनिधि माइक लॉलर ने 2023 में अमेरिकी कैपिटल में संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण को याद किया और इसे एक ‘‘महत्वपूर्ण’’ अवसर बताया, जहां ‘‘हमने उनके (मोदी के) अंदाज को देखा। लोग प्रधानमंत्री को देखकर और उनकी आवाज सुनकर बेहद उत्साहित थे।’’

नवंबर 2025 के चुनावों में फिर से चुने गए एडिसन के मेयर सैम जोशी ने अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत करते हुए कहा, ‘‘मैं खुले तौर पर, बिना किसी हिचकिचाहट के भारतीय हूं…हालांकि मैं कभी भी राष्ट्रीय या संघीय मुद्दों पर बात नहीं करता, लेकिन मैं इस तथ्य से पीछे नहीं हटूंगा कि अमेरिका को भारत के साथ बेहतर संबंध रखने की जरूरत है।’’

सांसद लौरा गिलन, न्यूयॉर्क राज्य विधानसभा की सदस्य जेनिफर राजकुमार ने भी अपने संबोधन में भारत के कई महान व्यक्तियों को याद किया।

भाषा यासिर गोला

गोला


लेखक के बारे में