पेशावर, तीन अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक शांति रैली के दौरान एक पुलिस थाने को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती हमले में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, स्वात जिले के कबाल कस्बे में पुलिस थाने के ठीक सामने रविवार को स्वात शांति रैली के दौरान यह विस्फोट हुआ था।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को हुए आत्मघाती हमले में पांच सुरक्षाकर्मियों कम से कम 14 लोगों की मौत हुई थी, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान तीन और घायलों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। मृतकों में सात पुलिसकर्मी और 10 आम नागरिक शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, मारे गए तीनों लोग उन घायलों में शामिल थे जिन्हें विस्फोट के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब भी 12 घायल सैदू शरीफ टीचिंग अस्पताल में उपचाराधीन हैं, जिनमें आठ पुलिसकर्मी और चार आम नागरिक शामिल हैं।
अब तक किसी भी संगठन या व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
स्वात शांति रैली का आयोजन स्थानीय आदिवासी परिषद स्वात अमन जिरगा ने किया था। रैली में शामिल लोग क्षेत्र में शांति की मांग को लेकर नारे लगा रहे थे और हाथों में तख्तियां लिए हुए थे।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया था कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण पिछले कुछ महीनों में इलाके की सुरक्षा स्थिति खराब हुई है।
भाषा मनीषा माधव
माधव