अमेरिकी दक्षिणी कमान के प्रमुख ने वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति से मुलाकात की

Ads

अमेरिकी दक्षिणी कमान के प्रमुख ने वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 08:43 AM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 08:43 AM IST

काराकस, 19 फरवरी (एपी) लातिन अमेरिकी देश में अमेरिकी सैन्य अभियानों के प्रमुख मरीन जनरल फ्रांसिस डोनोवन ने वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों से राजधानी काराकस में मुलाकात की।

कार्यवाहक राष्ट्रपति और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ अमेरिकी दक्षिणी कमान के प्रमुख डोनोवन की कई घंटे की मुलाकात के बाद रोड्रिगेज सरकार और डोनोवन ने इस दौरे के बारे में सोशल मीडिया पर अलग-अलग घोषणा की।

रोड्रिगेज के प्रेस कार्यालय ने बताया कि मरीन जनरल फ्रांसिस डोनोवन ने रक्षा मंत्री व्लादिमीर पैड्रिनो लोपेज और गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो से मुलाकात की।

यह बैठक अमेरिकी सेना द्वारा काराकस में अचानक की गई कार्रवाई में तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़े जाने और उन्हें मादक पदार्थों की तस्करी के आरोपों का सामना करने के लिए अमेरिका ले जाने के कुछ हफ्तों बाद हुई है।

रॉड्रिगेज के प्रेस कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस बैठक के दौरान दोनों देशों ने अपने क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, आतंकवाद और प्रवासन से निपटने के लिए द्विपक्षीय सहयोग एजेंडा विकसित करने पर सहमति व्यक्त की।

इस बैठक के दौरान डोनोवन के साथ वेनेजुएला में शीर्ष अमेरिकी राजनयिक लौरा डोगू और अमेरिकी रक्षा मंत्रालय में गृह सुरक्षा एवं अमेरिका क्षेत्र के कार्यवाहक सहायक मंत्री जोसेफ ह्यूमायर भी शामिल थे।

एपी सुरभि अमित

अमित