म्यूनिख, 15 फरवरी (एपी) जर्मनी में वैश्विक नेताओं की एक बैठक के बीच शनिवार को यहां लगभग 2,50,000 लोगों ने ईरान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ, जब निर्वासन में रह रहे ईरान के युवराज रेजा पहलवी ने तेहरान पर अंतरराष्ट्रीय दबाव का आह्वान किया है।
ढोल बजाते और सत्ता परिवर्तन के नारे लगाते हुए म्यूनिख में विशाल रैली पहलवी द्वारा वर्णित ‘‘ग्लोबल डे ऑफ एक्शन’’ का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य ईरान में राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर ईरानियों का समर्थन करना है।
पहलवी ने लॉस एंजिलिस और टोरंटो में भी प्रदर्शनों का आह्वान किया।
पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि म्यूनिख में प्रदर्शनकारियों की संख्या लगभग 2,50,000 तक पहुंच गई, जो आयोजकों की अपेक्षा से कहीं अधिक थी।
विशाल जनसमूह नारे लगा रहा था और शेर एवं सूर्य के प्रतीक चिन्हों वाले हरे, सफेद और लाल रंग के झंडे लहरा रहा था। ईरान ने 1979 की इस्लामी क्रांति से पहले इसी झंडे का इस्तेमाल किया था, जिसने पहलवी राजवंश को उखाड़ फेंका था।
रैली में मौजूद कई लोगों ने पहलवी की तस्वीर वाले पोस्टर लहराए, जिनमें से कुछ में उन्हें ‘राजा’ के तौर पर संबोधित किया गया था। ईरान के अपदस्थ शाह के पुत्र रेजा पहलवी लगभग 50 वर्षों से निर्वासन में हैं, लेकिन अब वह ईरान में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की कोशिश कर रहे हैं।
एपी शफीक प्रशांत
प्रशांत