माउंटेनएयर (अमेरिका), 21 मई (एपी) अमेरिका के न्यू मैक्सिको के एक ग्रामीण इलाके में संदिग्ध घातक पदार्थ के संपर्क में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सूचना पाकर मौके पर पहुंचे 12 से अधिक लोगों को एहतियातन पृथकवास में रखकर उनकी जांच की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
न्यू मैक्सिको पुलिस ने बताया कि अल्बुक्वेर्क के पूर्व में स्थित एक घर में चार लोग अचेत अवस्था में मिले, जिनमें से तीन की मौत हो गई। एक व्यक्ति का अल्बुक्वेर्क के एक अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना की सूचना पर पहुंचे लोग भी उस अज्ञात घातक पदार्थ के संपर्क में आ गए और उन्हें उल्टी तथा चक्कर आने की शिकायत होने लगी।
यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू मैक्सिको अस्पताल के अधिकारियों ने पुष्टि की कि घातक पदार्थ के संपर्क में आने के बाद अस्पताल लाए गए 23 लोगों की जांच की गई और उन्हें संक्रमणमुक्त किया गया। अधिकांश लोगों में कोई लक्षण नहीं पाए गए और बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
न्यू मैक्सिको पुलिस के अधिकारी विल्सन सिल्वर ने बताया कि दो लोगों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
अल्बुक्वेर्क दमकल विभाग की टीम माउंटेनएयर में घटनास्थल पर पहुंचकर उस घातक पदार्थ की पहचान करने में जुटी है।
विल्सन सिल्वर ने कहा, ‘‘फिलहाल जांचकर्ताओं का मानना है कि इस पदार्थ के संपर्क में आने से लोगों तक इसका दुष्प्रभाव पहुंच सकता है। हालांकि उन्हें नहीं लगता कि यह हवा के माध्यम से फैलने वाला पदार्थ है।’’
जिस घर में यह घटना हुई, वहां के रास्ते को पुलिस वाहनों और अवरोधकों से बंद कर दिया गया है।
जांच जारी रहने के बीच माउंटेनएयर के मेयर पीटर नीटो ने सोशल मीडिया पर लिखा कि शुरुआती संकेतों से लगता है कि संभवत: इस घटना के पीछे कोई मादक पदार्थ कारण हो सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आम लोगों के लिए किसी तरह का खतरा नहीं है।
एपी खारी वैभव
वैभव