यूनान की राजधानी एथेंस में एक्रोपोलिस के पास पर्यटक स्थल पर चाकू से हमला, दो पर्यटक घायल

Ads

यूनान की राजधानी एथेंस में एक्रोपोलिस के पास पर्यटक स्थल पर चाकू से हमला, दो पर्यटक घायल

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 07:16 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 07:16 PM IST

एथेंस (यूनान), 21 जुलाई (एपी) यूनान की राजधानी एथेंस में सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल ‘एक्रोपोलिस’ के निकट मंगलवार सुबह एक व्यक्ति ने चाकू मारकर दो पर्यटकों को घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह हमला बिना किसी पूर्व योजना के किया गया प्रतीत होता है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान केवल 60 वर्षीय यूनानी नागरिक के रूप में हुई है। उसने प्राचीन पुरातात्विक स्थल और एक्रोपोलिस संग्रहालय के प्रवेश द्वार के पास वाली पैदल सड़क पर एक यूनानी-अमेरिकी दंपति पर चाकू से हमला कर दिया।

घटना की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि हमले में 53 वर्षीय पुरुष के हाथ में गंभीर चोट आई, जिस पर तुरंत पट्टी बांधी गयी। वहीं, 48 वर्षीय महिला के पैर में हल्की चोट आई है। दोनों को तुरंत एंबुलेंस से पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को खतरे से बाहर बताया है।

पुलिस के मुताबिक, हमलावर को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया और औपचारिक आरोप तय करने के लिए मंगलवार को ही सरकारी वकील के सामने पेश किया जाएगा।

संदिग्धों की पहचान उजागर न करने वाले यूनानी कानून के तहत पुलिस ने आरोपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। हालांकि हमले की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि हमलावर मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता है।

एपी

सुमित नरेश

नरेश