उ. कोरिया के दो कैदियों के स्थानांतरण का खुलासा करने के लिये माफी मांगे यूक्रेन : द. कोरिया

Ads

उ. कोरिया के दो कैदियों के स्थानांतरण का खुलासा करने के लिये माफी मांगे यूक्रेन : द. कोरिया

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 04:41 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 04:41 PM IST

सियोल, 28 सितंबर (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति द्वारा दो उत्तर कोरियाई युद्धबंदियों को दक्षिण कोरिया स्थानांतरित किए जाने की बात उजागर किए जाने के बाद, दक्षिण कोरिया ने यूक्रेन से आधिकारिक माफी की मांग की है। दक्षिण कोरिया का कहना है कि इस हस्तांतरण को गुप्त रखा जाना तय हुआ था।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पिछले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा था कि यूक्रेन ने हाल ही में इन दोनों लोगों को दक्षिण कोरिया भेजा था।

उन्होंने कहा था कि यूक्रेन ने इन्हें 2025 की शुरुआत में यूक्रेन-रूस युद्ध के मैदान में पकड़ा था और ये दोनों उन हजारों उत्तर कोरियाई सैनिकों में शामिल हैं, जिन्हें युद्ध में रूस की मदद के लिए भेजा गया था।

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने यूक्रेन पर कैदियों के स्थानांतरण से जुड़े गोपनीयता समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। हालांकि, यूक्रेन ने ऐसा कोई समझौता होने से इनकार किया है।

ली के जनसंपर्क मामलों के वरिष्ठ सलाहकार सियोंग गी-होंग ने रविवार को यूक्रेन के इस हालिया कदम पर ‘गहरा खेद’ जताया और आधिकारिक माफी व स्पष्टीकरण की मांग की।

सियोंग ने एक बयान में कहा कि यूक्रेन का गोपनीयता समझौते से इनकार करने वाला ‘झूठा’ बयान ‘दोनों सरकारों के बीच विश्वास को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाने वाला और मित्रवत संबंधों को काफी प्रभावित करने वाला कदम है।’

एपी जोहेब दिलीप

दिलीप