जोहानिसबर्ग, 28 सितंबर (एपी) दक्षिण अफ्रीका में सप्ताहांत हुई गोलीबारी की दो घटनाओं में घायल एक पीड़ित ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया जिसके बाद इन घटनाओं मरने वालों की कुल संख्या सोमवार को बढ़कर 28 हो गई।
दक्षिण अफ्रीका वर्षों से हिंसक अपराधों से जूझ रहा है, लेकिन शनिवार रात हुई गोलीबारी ने इस देश को झकझोर कर रख दिया। दक्षिण अफ्रीका उन देशों में से है जहां हत्या की दर सर्वाधिक है।
पुलिस ने बताया कि जिस व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा वह गोलीबारी की पहली घटना में घायल हुआ था। यह घटना शनिवार रात जोहानिसबर्ग के पास वेडेला कस्बे में हुई थी जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।
एके-47 राइफलों से लैस बंदूकधारियों ने एक बार में घुसकर गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने पहले बार के बाहर मौजूद लोगों को निशाना बनाया और फिर अंदर जाकर गोलीबारी जारी रखी।
बंदूकधारियों ने दो वाहनों में बैठकर भागने से पहले कुछ ग्राहकों की तलाशी ली और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। गोलीबारी के दौरान बार के बाहर खड़ी दो कारों में आग लगा दी गई।
पुलिस ने सोमवार को जारी बयान में कहा, ‘‘एक और पीड़ित की अस्पताल में मौत हो गई, जिससे मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 18 हो गई है।’’
शनिवार रात करीब चार घंटे बाद केप टाउन के पास ल्वांद्ले कस्बे में एक स्टोर में हुई गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।
दक्षिण अफ्रीका के दूसरे सबसे बड़े शहर के पास हुई इस घटना के बाद पुलिस कई संदिग्धों की तलाश कर रही है।
एपी संतोष मनीषा
मनीषा