यूक्रेन ने रूस में एक महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठान को निशाना बनाया

Ads

यूक्रेन ने रूस में एक महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठान को निशाना बनाया

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 07:41 PM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 07:41 PM IST

कीव, 21 फरवरी (एपी) यूक्रेन ने शनिवार को रूस के एक महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठान पर ड्रोन हमला किया। रूस के एक समाचार चैनल ने अपनी खबर में दावा किया कि यूक्रेनी ड्रोन के निशाने पर रूस की सरकारी स्वामित्व वाली एक प्रमुख मिसाइल फैक्टरी थी।

स्थानीय स्वास्थ्य मंत्री सर्गेई बागिन ने ‘टेलीग्राम’ पर जारी पोस्ट में बताया कि रूस के उडमर्ट गणराज्य में हुए इस हमले में 11 लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्षेत्रीय प्रमुख एलेक्जेंडर ब्रेचलोव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “यूक्रेन के ड्रोन विमानों ने उडमर्ट गणतंत्र के एक अहम प्रतिष्ठान पर हमला किया।” उन्होंने बताया कि हमले में जान-माल का नुकसान हुआ है।

हालांकि, पोस्ट में हमले वाली जगह के बारे में नहीं बताया गया है और न ही कोई अन्य विवरण दिया गया है।

रूस की निजी समाचार एजेंसी ‘एस्ट्रा’ ने ‘टेलीग्राम’ पर जारी पोस्ट में कहा कि यूक्रेनी ड्रोन ने ‘वोटकिंस्क मशीन बिल्डिंग प्लांट’ को निशाना बनाया, जो एक प्रमुख सरकारी रक्षा उद्यम है।

‘एस्ट्रा’ ने कहा कि उसका दावा स्थानीय निवासियों से मिले फुटेज के विश्लेषण पर आधारित है।

यूक्रेनी अधिकारियों की ओर से इस हमले पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है।

यूक्रेन से 1,400 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ‘वोटकिंस्क मशीन बिल्डिंग प्लांट’ में ‘इस्कंदर’ बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ-साथ परमाणु-सक्षम अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों का उत्पादन किया जाता है।

कुछ रूसी समाचार चैनलों ने वोटकिंस्क के लोगों की ओर से साझा किए गए वीडियो और तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें एक औद्योगिक प्रतिष्ठान के परिसर से धुआं उठते और उसकी खिड़कियों के टूटे शीशे देखे जा सकते हैं।

रूसी टेलीग्राम चैनल ‘शॉट’ ने अपने पोस्ट में कहा कि वोटकिंस्क के निवासियों ने रात में कम से कम तीन धमाकों की आवाज सुनाई देने की बात कही है। उन्होंने ड्रोन विमानों की आवाज सुनाई देने का भी दावा किया है।

एपी पारुल वैभव

वैभव