संयुक्त राष्ट्र ने अफगानिस्तान से करीब 100 कर्मियों को कजाखस्तान भेजा

संयुक्त राष्ट्र ने अफगानिस्तान से करीब 100 कर्मियों को कजाखस्तान भेजा

संयुक्त राष्ट्र ने अफगानिस्तान से करीब 100 कर्मियों को कजाखस्तान भेजा
Modified Date: November 29, 2022 / 08:07 pm IST
Published Date: August 19, 2021 11:33 am IST

(योषिता सिंह)

संयुक्त राष्ट्र, 19 अगस्त (भाषा) संयुक्त राष्ट्र ने काबुल में ‘‘सुरक्षा और अन्य प्रतिबंधों’’ के मद्देनजर अफगानिस्तान से अपने करीब 100 कर्मियों को कजाखस्तान भेजा है और वे परिस्थितियां ठीक होने पर देश लौटेंगे। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

तालिबान ने रविवार को अफगानिस्तान की सत्ता पर कब्जा जमा लिया। सत्ता पर उनके अचानक कब्जा जमाने से काबुल हवाईअड्डे पर अफरातफरी मच गयी, जहां अमेरिका और सहयोगी देशों के नागरिक देश से बाहर निकलने की कोशिश में हैं।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि करीब 100 संयुक्त राष्ट्र कर्मियों का समूह काबुल से अल्माती गया जहां वे दूरस्थ रहते हुए ही अपना काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि विश्व निकाय ने अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन का अस्थायी कार्यालय बनाने के लिए कजाखस्तान सरकार का शुक्रिया अदा किया। दुजारिक ने कहा, ‘‘चूंकि महासचिव ने सुरक्षा परिषद को 16 अगस्त को कहा कि अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र की मौजूदगी सुरक्षा स्थिति पर निर्भर करेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘काबुल तथा देश के अन्य हिस्सों में सुरक्षा और अन्य बाधाओं को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र के कुछ कर्मियों को देश से बाहर भेजने का फैसला किया गया है। परिस्थितियां ठीक होने पर कर्मी अफगानिस्तान लौट आएंगे।’’

दुजारिक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र जरूरत के वक्त में अफगान लोगों का साथ देने के लिए प्रतिबद्ध है। कई मानवीय सहायता कर्मी अफगानिस्तान में ही हैं और जरूरत के वक्त में लाखों लोगों को महत्वपूर्ण सहायता दे रहे हैं।

भाषा

गोला मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में