दोहा, 15 जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के पिता और पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर भारत सरकार और देशवासियों की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रीजीजू मंगलवार को भारत की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए दोहा पहुंचे। पूर्व अमीर ने 2013 में पद छोड़ने से पहले 18 वर्षों तक कतर पर शासन किया था।
पूर्व अमीर का 12 जुलाई को 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।
कतर में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि रीजीजू ने कतर के अमीर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से व्यक्तिगत संवेदनाएं भी प्रेषित कीं।
विदेश मंत्रालय ने इससे पहले ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया, ‘‘आधुनिक कतर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूर्व अमीर भारत के बेहतरीन मित्र थे। द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनके अमूल्य योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।’’
भारत ने सम्मान स्वरूप 13 जुलाई को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की थी। इस दौरान पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहा।
प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें ‘‘दूरदर्शी नेता’’ बताया था, जिन्होंने कतर को विकास और समृद्धि के नए स्तर तक पहुंचाया।
प्रधानमंत्री मोदी ने फरवरी 2024 में अपनी कतर यात्रा के दौरान पूर्व अमीर से हुई मुलाकात को भी याद किया।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश