Indore Shishukunj School Food Poisoning
इंदौर : Indore Shishukunj School Food Poisoning : मध्य प्रदेश के इंदौर ज़िले के शिशुकुंज स्कूल में बच्चों की तबीयत बिगड़ने के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि स्कूल के पानी में वही खतरनाक ‘कोलीफार्म बैक्टीरिया’ पाया गया है, जो हाल ही में चर्चित भागीरथपुरा कांड के दौरान मिला था। फूड ऑफिसर मनीष स्वामी ने इस जांच रिपोर्ट और खुलासे की आधिकारिक पुष्टि की है।
शिशुकुंज स्कूल में बीते 20 जून को एक साथ लगभग 150 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। बच्चों में लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत देखने को मिली थी, जिसके बाद प्रशासन ने स्कूल के खाद्य पदार्थों और पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। Shishukunj School Indore Food Poisoning जांच रिपोर्ट में न केवल पानी में कोलीफार्म बैक्टीरिया मिला है, बल्कि स्कूल से लिया गया सोयाबीन तेल और नमकीन का सैंपल भी फेल हो गया है।
इसके अलावा, आइसक्रीम की जांच में भी लिस्टीरिया जैसे हानिकारक बैक्टीरिया विकसित होने की पुष्टि हुई है, जिससे आइसक्रीम का सैंपल भी पूरी तरह फेल पाया गया है। इस लापरवाही के सामने आने के बाद कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए एक विशेष टीम का गठन किया है। सुरक्षा के लिहाज से फिलहाल स्कूल के किचन को सील रखने के निर्देश दिए गए हैं।