अमेरिकी कमांडर ने क्यूबा के सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की
अमेरिकी कमांडर ने क्यूबा के सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की
वाशिंगटन, 30 मई (एपी) लातिन अमेरिका में अमेरिकी सेना के शीर्ष कमांडर ने शुक्रवार को ग्वांतानामो बे में अमेरिकी नौसेना अड्डे के पास क्यूबा के सैन्य नेताओं के साथ ‘‘सुरक्षा मामलों पर चर्चा’’ की।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा क्यूबा के नेताओं पर दबाव बढ़ाए जाने के बीच अमेरिकी अधिकारी ने क्यूबा की यात्रा की।
जनवरी में अमेरिकी सैन्य बलों द्वारा वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो को गिरफ्तार किए जाने के बाद ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि क्यूबा अगला निशाना होगा। इसके बाद ट्रंप प्रशासन ने क्यूबा पर तेल नाकाबंदी लगा दी, कैरेबियन सागर में युद्धपोत तैनात कर दिए और क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो पर संघीय आरोप लगाए।
अमेरिकी दक्षिणी कमान के प्रमुख जनरल फ्रांसिस डोनोवन ने लेफ्टिनेंट जनरल रॉबर्टो लेग्रा सोतोलोंगो समेत क्यूबा के सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की।
क्यूबा के ‘रिवोल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेस’ ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्षों ने ‘‘बैठक को सकारात्मक रूप से देखा क्योंकि इसमें सैन्य क्षेत्र की सीमा से जुड़े सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही, दोनों पक्षों ने अपने-अपने सैन्य कमान के बीच संवाद और संपर्क बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।’’
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो और अमेरिकी खुफिया एजेंसी ‘सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी’ (सीआईए) के प्रमुख जॉन रैटक्लिफ सहित ट्रंप के शीर्ष सहयोगियों ने भी संबंधों में सुधार की संभावनाओं पर चर्चा करने के लिए क्यूबा के अधिकारियों से मुलाकात की है लेकिन अमेरिकी पक्ष इन वार्ताओं से प्रभावित नहीं हुआ, जिसके कारण क्यूबा सरकार पर और भी प्रतिबंध लगा दिए गए हैं।
एपी सुरभि सिम्मी
सिम्मी

Facebook


