अमेरिका : सांसद श्री थानेदार मिशिगन से डेमोक्रेट प्राइमरी में हारे
अमेरिका : सांसद श्री थानेदार मिशिगन से डेमोक्रेट प्राइमरी में हारे
वाशिंगटन, पांच अगस्त (भाषा) भारतीय-अमेरिकी सांसद श्री थानेदार मिशिगन के 13वें जिले में डेमोक्रेट प्राइमरी के मुकाबले में डोनावन मैकिनी से हार गए। मैकिनी को पार्टी के समाजवादी नेताओं का समर्थन हासिल था।
मैकिनी ने दो बार के संसद सदस्य थानेदार को 3.79 प्रतिशत के अंतर से हराया। मैकिनी अब नवंबर में होने वाले प्रतिनिधि सभा के चुनाव में मिशिगन के 13वें जिले से डेमोक्रेट उम्मीदवार होंगे।
कड़े मुकाबले वाले प्राइमरी चुनाव में, थानेदार को 48.1 प्रतिशत वोट मिले, जबकि मैकिनी को 51.9 प्रतिशत वोट मिले। इससे डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर ‘डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट एलायंस’ (डीएसए) के बढ़ते प्रभाव का संकेत मिलता है।
वहीं, डीएसए समर्थित उम्मीदवार अब्दुल अल-सईद ने मिशिगन सीनेट डेमोक्रेट प्राइमरी में जीत हासिल की। उन्होंने मध्यमार्गी हेली स्टीवंस को 0.98 प्रतिशत के मामूली अंतर से हराया।
थानेदार की हार के साथ, प्रतिनिधि सभा में भारतीय-अमेरिकियों का प्रतिनिधित्व छह से घटकर चार हो जाएगा, बशर्ते नवंबर के चुनावों में रो खन्ना, एमी बेरा, प्रमिला जयपाल और सुहास सुब्रमण्यम अपनी-अपनी सीटें जीतें।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप

Facebook


