अमेरिका-ईरान युद्ध: पाकिस्तान ने संयम बरतने की अपील की, मध्यस्थ की भूमिका निभाता रहेगा

Ads

अमेरिका-ईरान युद्ध: पाकिस्तान ने संयम बरतने की अपील की, मध्यस्थ की भूमिका निभाता रहेगा

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 10:15 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 10:15 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 21 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान ने पश्चिम एशिया में हाल में फिर से बढ़े तनाव को लेकर मंगलवार को गहरी चिंता जताते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने और ऐसी कार्रवाई से बचने की अपील की, जिससे क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ सकती है।

पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध-विराम समझौते के लिए एक ईमानदार और सच्चे मध्यस्थ के तौर पर अपनी भूमिका निभाते रहने का संकल्प भी दोहराया।

इस्लामाबाद की यह प्रतिक्रिया ईरान के गृह मंत्री इस्कंदर मोमेनी के नेतृत्व में देश के एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल की पाकिस्तान यात्रा के बीच आई है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अपने सरकारी आवास पर मोमेनी के नेतृत्व वाले ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के दौरान पश्चिम एशिया की हालिया स्थिति पर गहरी चिंता जताई।

सेना के एक बयान के मुताबिक, मोमेनी ने रावलपिंडी में ‘जनरल हेडक्वार्टर’ में सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ बैठक की और आपसी हितों, क्षेत्रीय एवं द्विपक्षीय सुरक्षा तथा प्रभावी सीमा प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।

बयान के अनुसार, ईरानी नेता ने क्षेत्रीय तनाव घटाने और संघर्ष रोकने तथा शांति स्थापना के प्रयासों को बढ़ावा देने में पाकिस्तान की ओर लगातार की जा रही कोशिशों और उसकी कूटनीतिक भूमिका की सराहना की।

पाकिस्तानी सेना ने कहा, “बैठक का समापन क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपसी समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए आपसी समन्वय तथा सहयोग को और मजबूत करने के संकल्प को दोहराने के साथ हुआ।”

पीएमओ के मुताबिक, मोमेनी के साथ बैठक में शरीफ ने सभी पक्षों से संयम बरतने और ऐसी कार्रवाई से बचने की अपील की, जिससे क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ सकती है।

पीएमओ ने कहा, “शरीफ ने इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तान एक ईमानदार और निष्पक्ष मध्यस्थ तथा सहयोगी की भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के प्रति पाकिस्तान की मजबूत प्रतिबद्धता भी दोहराई।”

मोमेनी पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के निमंत्रण पर इस्लामाबाद पहुंचे हैं।

उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिका और ईरान के एक-दूसरे के खिलाफ फिर से हमले शुरू करने से पश्चिम एशिया में हालात बिगड़ गए हैं।

माना जा रहा है कि पाकिस्तान एवं अन्य मध्यस्थों ने हमलों को रोकने और दोनों पक्षों के बीच बातचीत फिर से शुरू कराने के लिए पर्दे के पीछे की अपनी कोशिशें जारी रखी हैं।

पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध-विराम के लिए मध्यस्थता की थी। वह दोनों देशों के बीच पिछले महीने हुए समझौता (एमओयू) को विफल होने से रोकने की कोशिशों में जुटा है। यह एमओयू 14-सूत्रीय एक अंतरिम शांति समझौता है, जिसका मकसद ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध को खत्म करना है।

भाषा पारुल राजकुमार

राजकुमार