वाशिंगटन, सात फरवरी (एपी) अमेरिका का न्याय मंत्रालय सोमवार से कांग्रेस के सदस्यों को दोषी यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन से जुड़ी बिना काट-छांट वाली फाइलों की समीक्षा करने की अनुमति देगा। सांसदों को भेजे गए एक पत्र में यह जानकारी दी गई है।
‘एसोसिएटेड प्रेस’ को प्राप्त इस पत्र में कहा गया है कि सांसद न्याय मंत्रालय द्वारा जारी किए गए 30 लाख से अधिक दस्तावेजों के बिना काट-छांट वाले संस्करण देख सकेंगे। यह दस्तावेज कांग्रेस द्वारा पिछले वर्ष पारित कानून का पालन करने के तहत जारी किए गए हैं।
फाइलों तक पहुंच पाने के लिए सांसदों को न्याय मंत्रालय को 24 घंटे पहले सूचना देनी होगी। वे न्याय मंत्रालय के कंप्यूटर पर ही इन फाइलों की समीक्षा कर सकेंगे। केवल सांसदों को ही इन तक पहुंच मिलेगी, उनके स्टाफ को नहीं।
सबसे पहले ‘एनबीसी न्यूज’ ने यह खबर दी थी जो दिखाती है कि एप्स्टीन और उसके अपराधों से जुड़ी जानकारी की मांग सांसद लगातार कर रहे हैं।
न्याय मंत्रालय को जानकारी जारी करने में देरी, पीड़ितों की निजी जानकारी और तस्वीरें ठीक से न छिपाने तथा पूरे 60 लाख दस्तावेज जारी न करने के लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है।
एप्स्टीन ने 2019 में न्यूयॉर्क की एक जेल में आत्महत्या कर ली थी, जब उस पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और तस्करी के आरोप थे।
एपी गोला नेत्रपाल
नेत्रपाल
नेत्रपाल