अमेरिका ने बाढ़ में मारे गए लोगों की पहचान के लिए नेपाल को 10 लाख डॉलर की अतिरिक्त सहायता दी
अमेरिका ने बाढ़ में मारे गए लोगों की पहचान के लिए नेपाल को 10 लाख डॉलर की अतिरिक्त सहायता दी
काठमांडू, 14 सितंबर (भाषा) नेपाल में पिछले महीने आई विनाशकारी बाढ़ में जान गंवाने वालों की शिनाख्त के प्रयासों के बीच अमेरिका ने नेपाल पुलिस की डीएनए और फोरेंसिक पहचान क्षमता मजबूत करने के लिए अतिरिक्त 10 लाख अमेरिकी डॉलर की सहायता को मंजूरी दी है। काठमांडू स्थित अमेरिकी दूतावास ने यह जानकारी दी।
अमेरिका 26 अगस्त को नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद हिमालयी देश की सरकार की सहायता कर रहा है, जिसके तहत शनिवार को इस अतिरिक्त मदद की घोषणा की गई। बाढ़ के कारण लगभग 1,400 लोगों की मौत हो चुकी है और 5,000 से अधिक लोग लापता हैं।
दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अमेरिकी विदेश विभाग के अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ और कानून प्रवर्तन मामलों के ब्यूरो के माध्यम से दी जाने वाली यह धनराशि डीएनए विश्लेषण किट खरीदने समेत फोरेंसिक सहायता में मदद करेगी।
अमेरिकी विदेश विभाग ने शनिवार को एक बयान में कहा कि एफबीआई के फोरेंसिक विशेषज्ञ भी आपदा पीड़ितों की पहचान में सहायता करने और अपने प्रियजनों (जिनमें अमेरिकी नागरिक भी शामिल हैं) के बारे में जानकारी का इंतजार कर रहे परिवारों को जवाब देने में मदद करने के लिए नेपाल पुलिस के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
विभाग के अनुसार, अमेरिका ने बाढ़ के बाद अब तक 50 लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक की मानवीय, स्वास्थ्य और फोरेंसिक सहायता प्रदान की है।
भाषा जोहेब मनीषा
मनीषा

Facebook


