वाशिंगटन, 12 जुलाई (भाषा) अमेरिका, कनाडा में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आदेश देने और अमेरिका में कई अन्य अपराधों के आरोपी लॉरेंस बिश्नोई के प्रत्यर्पण की मांग करेगा। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अमेरिकी न्याय विभाग (डीओजे) अमेरिका में 4,00,000 डॉलर की रंगदारी के एक मामले में शामिल होने के आरोप में गुरिंदरजीत सिंह नागरा के प्रत्यर्पण की भी मांग करेगा।
नागरा पर आरोप है कि उसने अमेरिका में रहने वाले परिवारों को निशाना बनाने के लिए बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के साथ मिलकर काम किया।
कनाडाई नागरिक निज्जर की 18 जून, 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में हत्या कर दी गई थी।
अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय के एक अधिकारी ने बिश्नोई और नागरा के प्रत्यर्पण से जुड़े सवालों के जवाब में इस बात की पुष्टि की, लेकिन विस्तृत विवरण नहीं दिया।
कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय के लोक संपर्क अधिकारी सियारन मैकएवॉय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को ईमेल पर दिए जवाब में कहा, ‘हां। इसके अलावा, हमारे पास कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं है।’
इस सप्ताह की शुरुआत में एक संयुक्त अभियान के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने भारत से संबंधित तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित आपराधिक समूहों से जुड़े 24 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से 11 को कैलिफोर्निया में पकड़ा गया। इन पर कई आपराधिक कृत्यों के आरोप हैं।
अमेरिकी न्याय विभाग ने अपने ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ के हिस्से के रूप में आरोप पत्र में कुल 37 लोगों को नामजद किया है।
अमेरिका ने बिश्नोई के सहयोगी गोल्डी बराड़ पर भी निज्जर की हत्या का आदेश देने का आरोप लगाया है।
संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर 50,000 डॉलर के इनाम की घोषणा की है।
भाषा सुमित वैभव
वैभव