वेनेजुएला की पूर्व प्रथम महिला सिलिया फ्लोरेस ने बीमारी का हवाला देकर जेल से रिहाई का अनुरोध किया
वेनेजुएला की पूर्व प्रथम महिला सिलिया फ्लोरेस ने बीमारी का हवाला देकर जेल से रिहाई का अनुरोध किया
न्यूयॉर्क, 11 सितंबर (एपी) अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े आरोपों को लेकर अपने पति के साथ मुकदमे का सामना कर रहीं वेनेजुएला की पूर्व प्रथम महिला सिलिया फ्लोरेस ने उन्हें जेल से रिहा कर घर में नजरबंद रखने का अनुरोध किया है।
वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की पत्नी फ्लोरेस के वकीलों ने बुधवार को अदालत में दाखिल दस्तावेजों में कहा कि उनकी मुवक्किल हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रही हैं तथा जेल में रहने के दौरान उनकी हालत और बिगड़ गई है इसलिए मुकदमा शुरू होने तक उन्हें घर में नजरबंद रखने की अनुमति दी जानी चाहिए।
वकीलों मार्क डोनेली और आंद्रेस सांचेज ने न्यायाधीश से अनुरोध किया कि फ्लोरेस को ब्रुकलिन की संघीय जेल से रिहा कर मैनहट्टन की संघीय अदालत के अधिकार क्षेत्र में स्थित किसी मकान में रहने की अनुमति दी जाए। फ्लोरेस और मादुरो के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई संभवत: अगले साल जून में होगी।
वकीलों ने कहा कि वहां फ्लोरेस चौबीसों घंटे सशस्त्र निगरानी में रहेंगी और केवल उन्हीं लोगों से मिल सकेंगी, जिन्हें अदालत और संघीय अभियोजकों की मंजूरी होगी। वीडियो के जरिये घर पर नजर रखी जाएगी और उनकी फोन कॉल रिकॉर्ड की जाएंगी।
संघीय अभियोजकों ने इस अनुरोध पर जवाब अभी दाखिल नहीं किया है। मैनहट्टन स्थित अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय के एक प्रवक्ता ने इस मामले में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। न्यायाधीश एल्विन के. हेलरस्टीन ने फ्लोरेस की याचिका अभी पर फैसला नहीं सुनाया है।
अमेरिकी बलों ने जनवरी की शुरुआत में आधी रात को फ्लोरेस (69) और मादुरो (63) को काराकस स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया था जिसके बाद उन्हें न्यूयॉर्क लाया गया था। दोनों तब से ब्रुकलिन की एक जेल में बंद हैं।
दोनों ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उन पर अमेरिका में कोकीन भेजने की साजिश में शामिल होने का आरोप है। उन्होंने हाल में एक अन्य याचिका दायर कर अपने खिलाफ अभियोग रद्द किए जाने का अनुरोध किया और दलील दी कि किसी अन्य देश के नेता और प्रथम महिला होने के नाते उन्हें कानूनी छूट प्राप्त है।
फ्लोरेस के वकीलों ने कहा कि उनकी मुवक्किल कई वर्षों से ‘माइट्रल वाल्व प्रोलैप्स’ (हृदय के एक वाल्व से जुड़ी समस्या) से पीड़ित हैं लेकिन गिरफ्तारी और ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन हिरासत केंद्र में बंद किए जाने के बाद से उन्हें बीमारी को नियंत्रित रखने के लिए जरूरी मासिक इंजेक्शन नहीं मिला है।
वकीलों ने कहा कि चिकित्सकों ने फ्लोरेस को ‘कार्डियक कैथेटराइजेशन’ (हृदय की रक्त वाहिकाओं की जांच की प्रक्रिया) कराने की सलाह दी है, जिसके बाद हृदय संबंधी अन्य चिकित्सा प्रक्रियाओं की जरूरत पड़ सकती है।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में फ्लोरेस को किसी भी चिकित्सा प्रक्रिया के बाद स्वस्थ होने के लिए पर्याप्त आराम और ऐसा माहौल चाहिए, जो उनकी सेहत में सुधार के अनुकूल हो।
डोनेली और सांचेज ने अदालत में कहा कि जेल के कर्मचारियों ने फ्लोरेस एवं उनके पति के साथ ‘‘बेहद सम्मानजनक व्यवहार’’ किया है और फ्लोरेस इस बात से इनकार नहीं करतीं कि जेल एवं अस्पताल में चिकित्सा पेशेवरों ने उनकी ‘‘बेहतरीन देखभाल’’ की है लेकिन ‘‘हिरासत केंद्र में स्वस्थ होने के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं हैं।’’
एपी सिम्मी वैभव
वैभव

Facebook


