पटना, 26 फरवरी (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में गोलीबारी की एक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना बुधवार रात सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट में हुई। मृतक की पहचान सोनू कुमार सोनी के रूप में की गई है। घायलों में सोनू का भाई आकाश कुमार और अंकित कुमार शामिल हैं, जिनका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
शहर पुलिस अधीक्षक (एसपी) (पूर्वी) परिचय कुमार ने संवाददाताओं से कहा, “मुसल्लहपुर हाट में बिक्का उर्फ विकास कुमार नामक व्यक्ति ने धन संबंधी विवाद को लेकर कई लोगों पर गोली चला दी। आकाश के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।”
सुल्तानगंज थाना प्रभारी कमलेश कुमार के अनुसार, “उधार दिए गए पैसे को लेकर विकास और सोनू एवं आकाश के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान विकास को कथित तौर पर थप्पड़ मारा गया। इसके बाद वह घर गया और अपने सहयोगियों के साथ हथियार लेकर लौटा। बिक्का ने सोनू और उसके साथियों को एक कोने में ले जाकर उन पर गोली चला दी।”
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
भाषा कैलाश सिम्मी
सिम्मी