पटना, 16 अगस्त (भाषा) पटना के खुसरूपुर इलाके में रविवार सुबह गंगा नदी में नहाने के दौरान 15 वर्षीय एक किशोर की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त लापता हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना खुसरूपुर थाना क्षेत्र के आदिलपुर घाट पर हुई।
उसने बताया कि मृतक की पहचान अंकुश कुमार के रूप में हुई है, जबकि लापता किशोरों की पहचान सुंदरम कुमार और रौनक कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि तीनों खुसरूपुर के जगमल बिगहा गांव के रहने वाले हैं।
खुसरूपुर के थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ‘‘सुबह करीब साढ़े नौ बजे 15-16 साल की उम्र के तीन लड़के नदी में नहाने गए थे और तीनों डूबने लगे।’’
उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम की मदद से अंकुश कुमार का शव बरामद किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि सुंदरम और रौनक की तलाश जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाने के दौरान अंकुश डूबने लगा, जिसके बाद सुंदरम और रौनक उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए। उन्होंने बताया कि दोनों का अभी तक पता नहीं लग पाया है।
भाषा योगेश अमित
अमित