शीर्ष एथलीट भुवनेश्वर में ‘कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर मीट’ में अपना दमखम दिखाने के लिए तैयार

Ads

शीर्ष एथलीट भुवनेश्वर में ‘कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर मीट’ में अपना दमखम दिखाने के लिए तैयार

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 07:25 PM IST

भुवनेश्वर, 17 अगस्त (भाषा) जाम्बिया के पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता 400 मीटर धावक मुजाला सामुकोंगा शनिवार को यहां होने वाली विश्व एथलेटिक्स ‘कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर मीट’ में आकर्षण का केंद्र होंगे।

इस एकदिवसीय प्रतियोगिता में 27 देशों के 187 एथलीट हिस्सा लेंगे, जिनमें एशिया के 12 देशों के 143 खिलाड़ी शामिल हैं। इसमे 88 भारतीय खिलाड़ी हैं।

स्थानीय खेलप्रेमियों को कलिंगा स्टेडियम में 99 विदेशी एथलीटों के साथ भारतीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा करते देखने का मौका मिलेगा। विदेशी दलों में श्रीलंका के 24, दक्षिण अफ्रीका के 17 और ब्राजील के 11 एथलीट शामिल हैं।

भारत की ओर से राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता लंबी कूद खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर, महिला लंबी कूद की राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी एंसी सोजन, 100 मीटर बाधा दौड़ की स्टार ज्योति याराजी, शीर्ष धावक गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर तथा भाला फेंक खिलाड़ी किशोर जेना समेत कई दिग्गज मैदान में उतरेंगे।

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की उम्मीद नहीं है। वह शुक्रवार को लुसाने डायमंड लीग में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

पिछले साल ‘ब्रॉज’ स्तर से अपग्रेड होकर ‘सिल्वर’ स्तर की प्रतियोगिता बनी इस मीट में विश्व एथलेटिक्स रैंकिंग के शीर्ष 50 में शामिल 36 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। जाम्बिया के सामुकोंगा इस सूची में सबसे आगे हैं। विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज सामुकोंगा ने पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की 400 मीटर दौड़ का कांस्य पदक जीता था। उनका इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ समय 44.02 सेकंड और व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 43.74 सेकंड है।

नाइजीरिया के विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर मौजूद गोला फेंक खिलाड़ी चुक्वुएबुका एनेकवेची भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन एनेकवेची पेरिस ओलंपिक के फाइनल में भी पहुंचे थे।

प्रतियोगिता में कुल 18 स्पर्धाएं होंगी, जिन्हें पुरुष और महिला वर्ग में बराबर बांटा गया है। पुरुषों में 100 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 110 मीटर बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक और भाला फेंक शामिल हैं।

महिला वर्ग में 100 मीटर, 400 मीटर, 1500 मीटर, 100 मीटर बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक और चक्का फेंक की स्पर्धाएं होंगी।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विश्व रैंकिंग के अहम अंक मिलने के साथ नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। विजेता को 1,600 डॉलर, उपविजेता को 1,200 डॉलर और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 900 डॉलर मिलेंगे।

यह प्रतियोगिता 2028 में कलिंगा स्टेडियम में होने वाली एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप और विश्व एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप की तैयारियों की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

इस आयोजन को लेकर सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में ओडिशा सरकार के खेल निदेशक विजय येड्डुला ने कहा कि प्रतियोगिता को ‘सिल्वर’ स्तर तक ले जाना राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे भारत के एथलेटिक्स पारिस्थितिकी तंत्र में ओडिशा की भूमिका और मजबूत हुई है।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर