बिहार के गोपालगंज में ऑर्केस्ट्रा समूहों के चंगुल से 44 नाबालिग लड़कियां मुक्त कराई गईं
बिहार के गोपालगंज में ऑर्केस्ट्रा समूहों के चंगुल से 44 नाबालिग लड़कियां मुक्त कराई गईं
गोपालगंज, 12 मई (भाषा) बिहार के गोपालगंज जिले में पुलिस ने ऑर्केस्ट्रा डांस समूहों के चंगुल से करीब 44 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है और इस मामले में 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, कुचायकोट थाना पुलिस ने पटना पुलिस मुख्यालय के समन्वय से यह कार्रवाई की।
गोपालगज सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रांजल कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया और विभिन्न राज्यों से आईं करीब 44 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया। उम्र संबंधी दस्तावेजों के अंतिम सत्यापन के बाद इनकी संख्या में थोड़ा बदलाव हो सकता है।”
उन्होंने बताया कि अधिकांश लड़कियां पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं, जबकि कुछ उत्तर प्रदेश और हरियाणा से लाई गई थीं।
कुमार ने कहा, “इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने ऑर्केस्ट्रा संचालकों और अन्य राज्यों से लड़कियों को बिहार लाने में कथित रूप से शामिल लोगों समेत 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।”
उन्होंने बताया कि मुक्त कराई गई लड़कियों को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा कैलाश
जोहेब
जोहेब

Facebook


