85 साल बाद पटना में कांग्रेस की सीडब्ल्यूसी बैठक, सदाकत आश्रम की सुरक्षा कड़ी

85 साल बाद पटना में कांग्रेस की सीडब्ल्यूसी बैठक, सदाकत आश्रम की सुरक्षा कड़ी

85 साल बाद पटना में कांग्रेस की सीडब्ल्यूसी बैठक, सदाकत आश्रम की सुरक्षा कड़ी
Modified Date: September 23, 2025 / 10:15 pm IST
Published Date: September 23, 2025 10:15 pm IST

पटना, 23 सितंबर (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में 85 साल बाद कांग्रेस की केंद्रीय कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक बुधवार को होने जा रही है। बैठक स्थल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

विधान परिषद सदस्य और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि यह बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन है। उनके अनुसार, बैठक से पार्टी कार्यकर्ताओं में नयी ऊर्जा का संचार होगा।

उल्लेखनीय है कि पटना में कांग्रेस की सीडब्ल्यूसी बैठक इससे पहले 1912, 1922 और 1940 में हो चुकी है। आजादी के बाद यह पहली बार है जब यहां सीडब्ल्यूसी की बैठक हो रही है। सदाकत आश्रम, जो अब प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय है, स्वतंत्रता आंदोलन की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का केंद्र रहा है।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी बुधवार सुबह बैठक को संबोधित करेंगे। उनके साथ सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के भी पटना पहुंचने की संभावना है। बैठक संपन्न होने के बाद राहुल गांधी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं के साथ मुख्यमंत्री का चेहरा और सीटों के बंटवारे से जुड़े विवादों को सुलझाने की पहल करेंगे। इसके लिए होटल चाणक्य में बैठक रखी गई है। बाद में राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव संयुक्त संवाददाता सम्मेलन भी कर सकते हैं।

कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने पटना पहुंचने पर कहा कि बिहार में ‘इंडिया’ गठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा कांग्रेस अध्यक्ष तय करेंगे और इसे सही समय पर घोषित किया जाएगा।

विस्तारित सीडब्ल्यूसी बैठक में हिस्सा लेने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मंगलवार शाम पटना पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम और प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू समेत वरिष्ठ नेताओं ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। खरगे के साथ कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल भी आए, जबकि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी बुधवार सुबह पटना पहुंचेंगे।

भाषा कैलाश आशीष

आशीष


लेखक के बारे में